क्या है दावा?
चुनावों के बीच भाजपा के उम्मीदवार डॉ. अशोक तंवर पर हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया माध्यमों पर वायरल किया जा रहा है। अशोक तंवर हरियाणा की सिरसा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हैं।
राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया गया है कि गुस्साई भीड़ ने सिरसा में भाजपा उम्मीदवार अशोक तंवर पर हमला किया और विरोध किया।
इस वीडियो को झारखंड कांग्रेस ने एक्स पर साझा किया और लिखा, 'BJP प्रत्याशी अशोक तंवर को सिरसा वालों ने आज ही लोकसभा में भेज दिया..।'
रजनीश कुमार सिंह नाम के वेरिफाइड यूजर ने एक्स पर साझा लिखा, 'अशोक तंवर को सिरसा वाले सड़क पर क्यों दौड़ा रहें है, ऐसे तो भाजपा हरियाणा में चुनाव हार जाएगी।'
वहीं हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव अनीता ढुल ने वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, 'राहुल गांधी जी ने सही कहा था कि “जनता इन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटेगी”। आज सिरसा में अशोक तंवर को लोगों ने खदेड़ा।
पड़ताल
जब हमने वायरल वीडियो को लेकर पड़ताल की तो सच्चाई कुछ और ही निकली। पड़ताल के लिए सबसे पहले हमने भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले। इस दौरान तंवर द्वारा दी गई मीडिया बाइट उनके एक्स हैंडल पर मिली। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तंवर ने बताया, 'तीन साल पुराना एक वीडियो दुष्प्रचार के लिए वायरल किया गया कि मेरे ऊपर हमला हो गया। इस बारे में हमने बुधवार को चुनाव आयोग, सूचना और प्रसारण मंत्रालय और पुलिस को शिकायत दी है ताकि अफवाह फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।' इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का नाम लिया और कहा कि इनके लोगों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया है।
यहां से स्पष्ट हो गया कि अभी वायरल हो रहा वीडियो पुराना है। आगे हमने वायरल वीडियो के बारे में पड़ताल की तो एक
टीवी चैनल के यूट्यूब पर घटना से जुड़ा वीडियो मिला। 12 जुलाई 2021 को पोस्ट किए इस वीडियो के से पता चला कि हरियाणा के सिरसा में किसानों ने डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा की गाड़ी पर हमला किया था।
घटना की और अधिक जानकरी के लिए हमने
अमर उजाला के चंडीगढ़/सिरसा ब्यूरो से संपर्क किया। यहां से हमे जुलाई 2021 की रिपोर्ट मिली जिसमें बताया गया था कि सीडीएलयू में भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के बाद प्रदर्शन कर रहे किसानों ने विधानसभा उपाध्यक्ष की गाड़ी पर डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। घटना में विधानसभा उपाध्यक्ष की गाड़ी के दोनों शीशे टूट गए। हालांकि, वह बाल-बाल बच गए। दरअसल, उस वक्त किसान संगठन केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे थे जिन्हें बाद में वापस ले लिया गया था।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल से साफ है कि अशोक तंवर पर हमले का बताया जा रहा वीडियो 2021 का है जिसका तंवर से कोई संबंध नहीं है। उस वक्त यह हमला हरियाणा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा की कार पर किया गया था।
अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने के बाद 20 जनवरी 2024 को अशोक तंवर भाजपा में शामिल हो गए थे।