फेमस यूट्यूबर आईशोस्पीड को हाल ही में नॉर्वे में लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान एक कष्टदायक अनुभव का सामना करना पड़ा। आईशोस्पीड का नाम डैरेन वॉटकिंस जूनियर है। आईशोस्पीड ने अपने प्रशंसकों के लिए स्कैंडिनेवियाई देश का एक आभासी दौरा किया। मगर ये रोमांचक दौरा जल्द ही उनके लिए एक कष्टदायक परीक्षा में बदल गया। क्योंकि सैकड़ों अति उत्साहित लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
आईशोस्पीड पर अपने होटल से बाहर निकलने का प्रयास करते समय स्ट्रीमर पर हमला किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूट्यूबर लाइव-स्ट्रीमिंग कर रहे थे। तभी प्रशंसकों ने उसका पीछा किया और तस्वीरें करवाने को कहा। कुछ ही समय में भारी संख्या में फैंस वहां पर पहुंच गए। उन्होंने इस दौरान कहा, यह क्या है, नहीं, नहीं मैंने सचमुच 10 सेकंड के लिए नॉर्वे में कदम नहीं रखा। मुझे नॉर्वे का आनंद लेने दो। इसके बाद वह एक स्टोर में गए, जहां प्रवेश द्वार फैंस को रोकने के लिए गार्ड खड़े हुए। फैंस की बढ़ती भीड़ देखते हुए आईशोस्पीड वहां से बाहर भी नहीं आ पा रहे थे।
ऐसे में आईशोस्पीड ने करीब एक घंटा स्टोर में ही बिताया। इसके बाद सुरक्षा गार्डों ने बड़ी मुश्किल से भीड़ के बीच से उन्हें स्टोर के बाहर खड़ी कार में बैठाया। यूट्यूबर ने अपने दर्शकों से स्ट्रीम में कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मैं कभी यहां फिर से आऊंगा। मैं ट्रोल भी नहीं कर रहा हूं। मैं अपने सभी नॉर्वे प्रशंसकों से प्यार करता हूं। आप आम तौर पर सुनते ही नहीं हैं। मैं हर देश में गया हूं और वहां भी भीड़ थी, लेकिन यह बिल्कुल अमानवीय था।'
आईशोस्पीड ने अपने एक्स अकाउंट पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा, 'मैं नॉर्वे में फिर कभी नहीं आऊंगा।' यूट्यूबर ने यह भी बताया कि उन्होंने मदद के लिए नॉर्वे पुलिस को फोन किया। मगर उन्होंने कहा कि जब तक वह अपनी स्ट्रीम समाप्त नहीं करेंगे, उन्हें कोई मदद नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा, 'पुलिस ने कहा कि जब तक मैं अपनी स्ट्रीम समाप्त नहीं कर लेता, वे मेरी मदद नहीं करेंगे।' बता दें कि आईशोस्पीड के यूट्यूब पर 25 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर हैं।