मशहूर ब्रिटिश वेब सीरीज ‘लूथर’ की रीमेक के तौर पर बनी वेब सीरीज ‘रुद्र- द एज ऑफ डार्कनेस’ अगले महीने रिलीज होने वाली है। इस सीरीज में अजय देवगन वही रोल करते दिखेंगे जो ओरीजनल में मशहूर सितारे इदरीस एल्बा ने किया है। अजय देवगन इस बारे में कहते हैं, ‘मेरी कोशिश हमेशा से ही अलग तरह की कहानियां कहने और अच्छे हुनरमंद लोगों के साथ काम करने की रही है। इसके पीछे मूल विचार ये है कि भारत में मनोरंजन के स्तर को और ऊपर ले जाया जाए। डिजिटल दुनिया मुझे रोमांचित करती हैं और मैं इस सीरीज को लेकर काफी उत्साहित हूं।’
अजय देवगन परदे पर कई बार पुलिस वाले का रोल कर चुके हैं तो फिर इसमें अलग क्या होगा? इस बारे में वह कहते हैं, ‘वेब सीरीज ‘रुद्र- द एज ऑफ डार्कनेस’ बहुत ही असरकारक और अबूझ पहेली जैसी है। मैं खुद इस नई यात्रा के शुरू होने का इंतजार कर रहा हूं। हां, ये सच है कि परदे पर पुलिसवाला बनना मेरे लिए नया नहीं है लेकिन इस बार ये किरदार ज्यादा कॉम्प्लेक्स और डार्क है। इस किरदार की शख्सीयत का स्याह होना ही मेरे लिए इस किरदार को करने की मुख्य वजह रही।’
वेब सीरीज ‘रुद्र- द एज ऑफ डार्कनेस’ की अधिकतर शूटिंग मुंबई में ही हुई है। और इसमें मुंबई को एक पृष्ठभूमि की तरह नहीं बल्कि एक किरदार की तरह रखा गया है। तरुण गहलोत, सत्यदीप मिश्रा और आशीष विद्यार्थी भी इस सीरीज में अहम किरदारों में दिखने वाले हैं।