अमेजन प्राइम वीडियो ने आज अपनी बहुप्रतीक्षित ओरिजिनल ड्रामा सीरीज क्रैश कोर्स का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। सामने आए ट्रेलर में छात्रों के प्रतिस्पर्धी जीवन की रोमांचक झलक देखने को मिली। ट्रेलर दिखाया गया है कि कैसे एक छात्र दोस्ती निभाने के साथ-साथ, जीवन के दबावों से जूझते हैं। सीरीज का दिलचस्प ट्रेलर, दोस्ती, प्रेम, साथियों के दबाव और प्रतिस्पर्धा के विभिन्न पहलुओं की एक झलक दिखाता है। ट्रेलर में यह भी दिखाया गया है कि कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ती प्रतिद्वंद्विता की वजह से छात्रों के जीवन में कैसे आतंक मचता है।
क्रैश कोर्स 10 एपिसोड की एक ओरिजिनल ड्रामा सीरीज है, जिसमें अनुभव और नए प्रतिभाओं का मिश्रण देखने को मिलेगा। सीरीज में एक्टर मोहित सोलंकी, हृदय हारून, अनुष्का कौशिक, भावेश बालचंदानी, आर्यन सिंह, हेतल गड़ा, और अन्वेषा विज आईआईटी उम्मीदवारों की भूमिका नजर आएंगे। जबकि एक्ट्रेस रिद्धि कुमार एक मेडिकल कोचिंग की छात्रा की भूमिका निभा रही हैं। इस शो में भानु उदय, उदित अरोड़ा, प्रणय पचौरी और बिदिता बैग के साथ अनुभवी अभिनेता अन्नू कपूर भी अहम भूमिका में हैं।
सीरीज के निर्देशक विजय मौर्य ने कहा, "क्रैश कोर्स प्यार का एक सच्चा परिश्रम है। यह एक मनोरंजक और दिलचस्प कहानी है। सीरीज छात्रों के जीवन और उनके द्वारा सामना की जाने वाली खुशियों और संघर्षों के बारे में बताती है। क्रैश कोर्स के साथ मुझे न केवल अन्नू जी, भानु, उदित, बिदिता और प्रणय जैसे अभिनेताओं को निर्देशित करने का सौभाग्य मिला है, बल्कि नए प्रतिभाशाली अभिनेताओं के साथ काम करने का भी मौका मिला, जो अपने बेहतरीन अभिनय द्वारा अपने-अपने पात्रों में घुल गए। मैं वास्तव में उत्साहित हूं कि शो 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में लॉन्च होगा और मैं इस सीरीज के बारे में दर्शकों की प्रतिक्रिया का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूँ । ”
वहीं सीरीज में अहम किरदार निभाने वाले अभिनेता अन्नू कपूर ने कहा - "जैसे ही मुझे क्रैश कोर्स के लिए संपर्क किया गया, मैं इसका हिस्सा बनने के लिए आश्वस्त हो गया, मैं इसके मनोरम विषय के लिए धन्यवाद देता हूं । अमेजन प्राइम वीडियो ऐसा कंटेंट बना रहा है जो भारत और दुनिया भर के दर्शकों को आकर्षित करती है और मुझे पूरा विश्वास है कि क्रैश कोर्स अपने आप में एक उपलब्धि होगी। यह सीरीज एक छात्र होने की सरल खुशियों की याद दिलाएगी और साथ ही एक छात्र के दबावों के बारे में भी सोचने पर मजबूर करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि क्रैश कोर्स ने मुझे मनीष जैसे प्रतिभाशाली रचनाकार और विजय जैसे बहुमुखी निर्देशक के साथ काम करने का मौका दिया, और उनके साथ काम करने का यह एक शानदार अनुभव था।” क्रैश कोर्स का प्रीमियर 5 अगस्त, 2022 से भारत और दुनिया भर के 240 अन्य देशों व क्षेत्रों में अमेजन प्राइम वीडियो पर प्रसारित होगा।