संगीत निर्देशक साजिद खान ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक फोटो साझा की है, जिसमें वो सलमान खान के साथ नजर आ रहे हैं। इस फोटो को 'सिकंदर' फिल्म के साथ जोड़कर देखा जा रहा है।
सलमान खान की नई फिल्म 'सिकंदर' की शूटिंग शुरु होने वाली है। 18 जून वह तारीख है, जब इसकी शूटिंग चालू हो जाएगी। 'सिकंदर' के एलान के बाद से ही भाईजान के फैंस के मन में एक सवाल है कि आखिर इस बार सलमान का लुक कैसा होने वाला है। इसी बीच, सलमान की एक ताजातरीन फोटो सामने आई है, जिसे देखने के बाद अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनका लुक कुछ वैसा ही होने वाला है, जैसा कि तस्वीर में दिख रहा है।
साजिद खान ने साझा की तस्वीर
संगीत निर्देशक साजिद खान ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक फोटो साझा की है, जिसमें वो सलमान खान के साथ नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में सलमान खान को दाढ़ी वाले लुक में देखा जा सकता है। फोटो को लेकर कयास लगाया जा रहा है कि 'सिकंदर' में वो दाढ़ी वाले लुक में ही नजर आ सकते हैं। वहीं, फोटो के कैप्शन में साजिद खान ने लिखा कि भाई के साथ बिताया गया समय सबसे अच्छा समय था। साजिद ने जानकारी देते हुए लिखा कि लंबे समय के बाद उन्होंने सलमान खान के पनवेल स्थित फार्म हाउस में आनंद लिया।
एक्शन सीन के साथ होगी शूटिंग की शुरूआत
'सिकंदर' का निर्देशन एआर मुरुगादॉस ने किया है। इसकी शूटिंग की शुरूआत जबरदस्त तरीके से होने वाली है। सबसे पहले हवा में एक एक्शन सीन को शूट किया जाएगा। फिल्म में सलमान खान के साथ रश्मिका मंदाना भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। दोनों पहली बार साथ में काम कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला कर रहे हैं। इसे अगले साल ईद पर रिलीज किया जाएगा।