देशभर में कोरोनावायरस की दूसरी लहर का प्रकोप हर दिन बढ़ता ही नजर आ रहा है। रोजाना लाखों लोग इस वायरस की चपेट में आ रहे हैं। बीते दिनों कई टीवी और फिल्मी सितारे भी इसकी चपेट में आ गए हैं। इसी बीच बिग बॉस सीजन 14 की विजेता रुबीना दिलैक भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये दी है।
दरअसल, रुबीना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया है जिसमें उन्होंने स्पष्ट तौर पर लिखा है कि वह कोरोना संक्रमित हो गई हैं और 17 दिनों के लिए खुद को घर में ही क्वारंटीन कर लिया है। साथ ही यह भी अपील की है कि बीते दिनों जो भी लोग उनके संपर्क में आए हैं, वो भी टेस्ट करा लें और सभी अपना ध्यान रखें।
रुबीना के इस पोस्ट के बाद से उनके फैंस की चिंता बढ़ गई है और वे जानने के इच्छुक हैं कि आखिर वह कोरोना संक्रमित कैसे हुईं। हालांकि यह साफ नहीं हुआ है कि वह इस वायरस की चपेट में कैसे आईं लेकिन उन्होंने अपनी पोस्ट में एक सकारात्मक मैसेज लिखा है। उन्होंने लिखा, 'मैं हमेशा पॉजिटिविटी की ओर ध्यान देती हूं और सकारात्मक ही सोचती हूं। अब एक महीने बाद मैं प्लाज्मा डोनेट कर सकूंगी। कोरोना संक्रमित हो गई हूं, 17 दिनों तक घर पर ही खुद को क्वारंटीन कर लिया है। बीते दिनों जो भी मेरे संपर्क में आया है वो अपनी जांच करवा लें।'
वर्कफ्रंट की बात करें तो रूबीना इस समय मशहूर सीरियल ‘शक्ति: अस्तित्व के अहसास’ की में नजर आ रही हैं। इससे पहले उनका एक म्यूजिक वीडियो 'मरजानियां' रिलीज हुआ था जिसमें उनके साथ अभिनव शुक्ला भी नजर आए थे और गाने को नेहा कक्कड़ ने अपनी आवाज दी थी। इसके अलावा वह पारस छाबड़ा के साथ एक म्यूजिक वीडियो में भी नजर आई थीं जिसका टाइटल 'गलत' है।