टीवी अभिनेता और एल्डर फार्मास्युटिकल्स के सीओओ अनुज सक्सेना को मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने गिरफ्तार कर लिया है। अनुज इन दिनों कई मामलों का सामना कर रहे हैं। उन्हें 141 करोड़ रुपये की निवेशकों को ठगने की शिकायत के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि यह शिकायत कंपनी के एक निवेशक ने ही दर्ज कराई है जिसका कहना है कि साल 2012 में अनुज ने निवेश के बदले उनसे बेहतर रिटर्न का वादा किया था जो अभी तक भी बीच में ही अटका हुआ है।
वहीं ईओडब्ल्यू ने अनुज सक्सेना की कस्टडी को कंपनी के सीओओ के रूप में उनकी भूमिका की जांच करने के लिए कहा है। लेकिन उन्होंने इस याचिका का विरोध किया है। अनुज ने कहा कि वो एक मेडिकल प्रैक्टिशनर हैं और इस समय उनकी कंपनी पीपीई किट और सैनिटाइटर बना रही है। महामारी के दौर में यह दोनों ही चीजें आवशयक है तो इस जांच को अभी टाल दिया जाना चाहिए।
इस पर न्यायाधीश अभिजीत नंदगांवकर का कहना है कि भले ही वह एक चिकित्सक हो और कोविड -19 की इस स्थिति में किट और सैनिटाइटर का निर्माण कर रहे हों लेकिन हम निवेशकों द्वारा किए गए धोखाधड़ी की याचिका को नजरअंदाज नहीं कर सकते। जिसके बाद अनुज को सोमवार तक ईओडब्ल्यू की हिरासत में भेजने का निर्देश दे दिया गया है।
गौरतलब है कि टीवी सीरियल 'कुसुम' से अनुज सक्सेना ने धमाकेदार एंट्री की थी। इस शो में अनुज ने कुसुम के पति अभय कपूर का किरदार निभाया था। इस शो से अनुज घर-घर में मशहूर हो गए थे। इसके बाद कुमकुम, कुछ पल साथ तुम्हारा, सारा आकाश, सोलह श्रृंगार, डोली सजा के सीरियल में भी नजर आए। आखिरी बार अनुज साल 2008 में 'कुछ इस तरह' सीरियल में नजर आए थे। सीरियल के अलावा अनुज ने फिल्मों में भी हाथ आजमाया। हालांकि यह फिल्में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं। इन फिल्मों के नाम 'चेज' और 'पराठे वाली गली' है। फिल्हाल अनुज लाइमलाइट से दूर गुमनामी भरी जिंदगी जी रहे हैं।