कलर्स चैनल पर प्रसारित होने वाला लोकप्रिय कॉमेडी शो 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' अगले साल, यानी 2016 में बंद होने जा रहा है। कपिल शर्मा के मुताबिक 17 जनवरी को इस शो का अंतिम एपिसोड प्रसारित किया जाएगा।
दो सालों से जारी शो को बंद करने का फैसला खुद कपिल शर्मा ने ही किया है। वजह बताई जा रही है कपिल शर्मा की चैनल के रवैये से 'नाराजगी'। कपिल की 'नाराजगी' की मुख्य वजह है कुछ महीनों पहले शुरू हुआ शो 'कॉमेडी नाइट्स बचाओ' जिसे कृष्णा, सुदेश और भारती होस्ट कर रहे हैं।
'कॉमेडी नाइट्स' की टीम का आरोप है कि चैनल, 'कॉमेडी नाइट्स' में आने वाले कलाकारों को 'कॉमेडी नाइट्स बचाओ' में भी जाने के लिए कहता है।
ये है उनके नाराजगी की वजह
कपिल ने बीबीसी से बात करते हुए माना,"दोनों ही शो के नाम और फॉर्मेट लगभग एक जैसे हैं और अब वो हमारी कॉपी भी कर रहे हैं। ऐसे में शो पर की जाने वाली मेहनत बेकार है।"
कपिल ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा, "हां, यह सही है। हम इस शो को जनवरी में बंद करने की योजना बना रहे हैं। इसका आखिरी एपिसोड 17 जनवरी को प्रसारित होगा।''
वैसे कपिल की फिल्म के चलते कॉमेडी नाइट्स के बंद होने की बात पहले भी हुई थी लेकिन तब इस शो को हफ्ते में एक दिन कर दिया गया था।
खुलकर बोल रहे हैं कपिल शर्मा
लेकिन इस बार कपिल खुद खुल कर कह रहे हैं कि वो कॉमेडी नाइट्स को आगे नहीं ले जाएंगे।
हालांकि कलर्स की ओर से इस खबर की कोई पुष्टि नहीं आई है। सूत्रों के अनुसार फिलहाल शो को जारी रखने की कोशिश की जा रही है।
'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' का पहला एपिसोड 22 जून 2013 को प्रसारित हुआ था।
इस शो के किरदार भी काफी मशहूर हैं चाहे हरदम पीने की बात करने वाली दादी (अली असगर) हों या लोगों की चहेती गुत्थी (सुनील ग्रोवर), नौकर (चंदन प्रभाकर) या कपिल की पत्नी (सुमोना चक्रवर्ती)।