टीवी धारावाहिकों के स्टार क्रिएटर रहे महेश पांडे का जादू भी लगता है धीरे धीरे अपना तिलिस्म खो रहा है। हो ये भी सकता है कि स्टार भारत की मार्केटिंग टीम और पीआर टीम की नासमझी का खामियाजा उन्हें उठाना पड़ रहा हो, लेकिन हकीकत यही है कि इस चैनल का हाई प्रोफाइल शो 'गुप्ता ब्रदर्स- चार कुंवारे फ्रॉम गंगा किनारे' की अंतिम कड़ी के प्रसारण का समय नजदीक आ गया है।
कोरोना काल में अनलॉक के बाद शुरू हुए तमाम टीवी शोज के एक के बाद एक बंद होने के क्र्म में अब नंबर आ गया है 'गुप्ता ब्रदर्स- चार कुंवारे फ्रॉम गंगा किनारे' का। जानकारी के मुताबिक यह धारावाहिक भी खराब टीआरपी के चलते टीवी से अपना टाइम स्लॉट खाली करने जा रहा है। स्टार भारत के इस फैसले से शो के कलाकार बहुत निराश हैं। सबसे ज्यादा निराशा हुई है इस शो के मुख्य अभिनेता हितेन तेजवानी को। हितेन ने साफ तौर पर कहा है कि उन्हें चैनल से इस तरह के फैसले की आशा नहीं थी।
धारावाहिक 'गुप्ता ब्रदर्स- चार कुंवारे फ्रॉम गंगा किनारे' पिछले साल अक्तूबर महीने में ही टीवी पर शुरू हुआ था। शुरुआत से ही इस शो का प्रचार प्रसार बहुत ठंडा रहा। शो की कहानी में दम था लेकिन चैनल की क्रिएटिव टीम ने इतने फेरबदल कराए कि शो का असली तत्व ही खो गया। शो के क्रिएटर महेश पांडे का सेट पर मौजूद रहकर पटकथा लेखकों और निर्देशक के काम में लगातार दखल देना भी धारावाहिक की तकनीक टीम को अच्छा नहीं लग रहा था लेकिन टीआरपी के लालच में सब वही करते रहे जैसा महेश पांडे ने किया। लेकिन, बात बनी नहीं।
गुप्ता ब्रदर्स
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
अब स्टार भारत चैनल ने फैसला कर लिया है कि इस धारावाहिक की कहानी को बीच में ही खत्म कर दिया जाए। चैनल के इस फैसले से उन कलाकारों को बहुत दिक्कत हुई है कि जिन्होंने अपनी तारीखें इस शो की शूटिंग के लिए महीनो तक की एडवांस में बुक कर रखी थीं। हितेन तेजवानी का कहना है कि उन्हें तो इस शो के बंद होने की जानकारी तब मिली जब किसी दूसरे शो का प्रोमो उन्होंने टीवी पर देखा जो कि इसी टाइम स्लॉट पर प्रसारित होने वाला है।
टीवी पर धारावाहिक 'गुप्ता ब्रदर्स- चार कुंवारे फ्रॉम गंगा किनारे' बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा था। और इस बात को खुद हितेन तेजवानी भी मानते हैं। उन्होंने कहा, 'हमारा शो बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा था और मुझे यह भी अंदाजा था कि यह जल्द ही बंद हो जाएगा। मैं इस शो में इतना व्यस्त था कि मैंने कुछ दूसरे कामों को भी नकार दिया। अभिनेताओं को छोड़ो, कैमरे के पीछे काम करने वाले लोगों का क्या होगा? उन्हें इतनी जल्दी कहां से दूसरी नौकरी मिलेगी? वैसे भी इस महामारी के समय में लोगों के पास नौकरी नहीं है। और ऊपर से इस तरह अचानक शो का बंद हो जाना बिल्कुल सही नहीं।'
धारावाहिक 'गुप्ता ब्रदर्स…' की जगह अब टीवी पर शुरू होने जा रहा एक नया धारावाहिक 'अम्मा के बाबू की बेबी' लेगा। वैसे तो इस धारावाहिक की शुरुआत भी टीवी पर एक फरवरी से ही होने जा रही थी। लेकिन, सूत्रों ने जानकारी दी है कि फिलहाल के लिए निर्माताओं ने इस शो के शुरू करने की तारीख को आगे बढ़ा दिया है। अब यह तय नहीं है कि यह धारावाहिक टीवी पर किस तारीख को शुरू होगा? इस धारावाहिक में अभिनेत्री विभा छिब्बर, करण खन्ना और गौरी अग्रवाल जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में होंगे।