‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ कई सालों से दर्शकों और प्रशंसकों के दिल पर राज कर रहा है। धारावाहिक के हर किरदार से प्रशंसक अपना जुड़ाव महसूस करते हैं। पिछले पांच दिनों से धारावाहिक में ‘सोढ़ी’ का किरदार निभाने वाले गुरुचरण गायब हैं। उनके प्रशंसक उनके गायब होने से काफी हैरान और परेशान हैं और उनकी सलामती की दुआ मांग रहे हैं। अभिनेता अब लगभग दो सप्ताह से लापता हैं। एक नई रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस जल्द ही लापता मामले में ''तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के कलाकारों से पूछताछ करेगी। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
शो के कलाकरों से करेगी पूछताछ
पुलिस शुरुआती चरण में तारक मेहता का उल्टा चश्मा के कलाकार, उनके दोस्तों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। यह अभिनेता की मानसिक स्थिति का पता लगाने और यह देखने के लिए है कि क्या वे कुछ चूक रहे हैं, जो जांच में महत्वपूर्ण हो सकता है। वे मामले और गुरुचरण के साथ लोगों के संबंध की जांच करने के लिए फोन भी कर रहे हैं। अब तक हर कोई पुलिस की मदद कर रहा है।
मुंबई में हो रही है जांच
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मामले की जांच करने और गायब टुकड़ों को जोड़ने के लिए एक टीम दिल्ली से मुंबई पहुंच गई है। कई रिपोर्ट्स गुरुचरण के जीवन के संकट के बारे में सुझाव दे रही हैं, जिसमें उनके वित्तीय संकट का सामना करने से लेकर जल्द ही शादी करने तक की बातें शामिल हैं। अभिनेता 22 अप्रैल, 2024 को लापता हो गए थे। वह मुंबई के लिए जाने के लिए दिल्ली स्थित अपने आवास से निकले थे, हालांकि, वह हवाई अड्डे पर नहीं पहुंचे और न ही घर लौटे।
अभी तक नहीं चला पता
पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि उन्हें तकनीकी जांच के माध्यम से उनकी गतिविधियों के बारे में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से गुरुचरण का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। अभिनेता हाई बीपी की समस्या से गुजर रहे थे और खाना भी ठीक से नहीं खा रहे थे।