इंडियन मैरिज की साज-सज्जा पर आधारित तमिल फिल्म 'कल्याना समयल साधम (केएसएस)' की शूटिंग के सीन्स एक अमेरिकी टीवी शो में दिखाए जाएंगे।
ये शो कोई और नहीं बल्कि एमी अवार्ड्स के लिए नामांकित 'बॉर्न टू एक्सप्लोर' शो है।
तमिल फिल्म की निर्माता कम्पनी के एक वक्तव्य के अनुसार, "फिल्म 'केएसएस' के फिल्मांकन को अमेरिका के मशहूर टीवी चैनल एबीसी पर प्रसारित होने वाले अमेरिकी शो में दिखाया जाएगा।
'एमी अवार्ड' नामांकित टीवी शो 'बॉर्न टू एक्सप्लोर' में इस शूटिंग के सीन्स को नेशनल जियोग्राफिक चैनल पर भी पूरी दुनिया में प्रसारित किया जाएगा।"
वक्तव्य में आगे कहा गया है कि यह टीवी शो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त शो है जो अपने दर्शकों को यात्रा के रोमांचक अंदाज में पूरी दुनिया की सैर कराता है।
इस शो के एक मेंबर रिचर्ड वीज ने केएसएस के निर्देशक आर.एस. प्रसन्ना से बातचीत के दौरान दो बातों पर खास जोर दिया। भारतीय विवाह पद्धति और उसकी सार्वभौमिक अपील। दूसरा, भारतीय कहानियों एवं भारत आधारित फिल्मों में बढ़ती रूचि।
गौरतलब है कि इस शो का प्रसारण अप्रैल में होने की उम्मीद है।
अरुण वैद्यनाथन और अनंत गोविंदन द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित 'कल्याना समयल साधम' फिल्म में प्रसन्ना वेंकटेशन तथा लेखा वाशिंगटन प्रमुख किरदार निभा रहे हैं।