वेत्रिमारन की 2023 की हिट फिल्म 'विदुथलाई भाग 1' की अगली कड़ी 'विदुथलाई भाग 2' अपने एलान के बाद से ही जबर्दस्त सुर्खियों में है। सीक्वल को विजय सेतुपति के किरदार पेरुमल की कहानी पर अधिक ध्यान केंद्रित करने के लिए तैयार किया गया है। इसमें मंजू वारियर भी मुख्य भूमिका में हैं। 'विदुथलाई पार्ट 1' बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रही थी। इसी को देखते हुए फिल्म के दूसरे भाग के लिए भी प्रशंसकों का उत्साह चरम पर है। इसी उत्साह को बरकरार रखने के लिए निर्माताओं ने फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दिया है, जिस पर प्रशंसक दिल खोलकर प्यार लुटा रहे हैं।
वेत्रिमारन के निर्देशन में बनी फिल्म 'विदुथलाई' उपन्यास 'थुनैवन' से प्रेरित है। निर्माताओं ने कहानी को दो भागों में बांटा है। दूसरा भाग निर्माण के अंतिम चरण में है। इसी बीच जारी किया गया फर्स्ट लुक पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। 'विदुथलाई भाग 2' के रोमांटिक फर्स्ट-लुक पोस्टर में विजय सेतुपति और मंजू वारियर के किरदार मुख्य भूमिका में हैं, और निर्माताओं ने पुष्टि की है कि फिल्म की अंतिम शूटिंग प्रक्रिया में है।
निर्माताओं द्वारा 'विदुथलाई 2' से विजय सेतुपति का एक उग्र पोस्टर भी जारी किया गया है और बहुमुखी अभिनेता के दो अलग-अलग पोस्टर फिल्म में उनके किरदार के बारे में संकेत देते हैं। 'विदुथलाई भाग 2' की प्रोडक्शन लागत पहले भाग से तीन गुना बढ़ गई है। साथ ही वेत्रिमारन फिल्म में कुछ समायोजन किए हैं।
मंजू वारियर और अट्टाकथी दिनेश को 'विदुथलाई भाग 2' के कलाकारों में शामिल किया गया है और फिल्म में भवानी श्री, गौतम मेनन, राजीव मेनन, तमीज और मुन्नार रमेश भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में होंगे। फिल्म का संगीत इलैयाराजा तैयार कर रहे हैं, जबकि सिनेमैटोग्राफी आर वेलराज ने संभाली है। 'विदुथलाई पार्ट 2', जिसे तेलुगु में 'विदुडाला पार्ट 2' के नाम से भी रिलीज किया जाएगा, इसमें विजय अपने महाराजा सह-कलाकार अनुराग कश्यप के साथ फिर से नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग पूरी होने वाली है और साल के अंत में इसके सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।