साउथ अभिनेता राम पोथिनेनी और संजय दत्त की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'डबल इस्मार्ट' इस साल सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म की शूटिंग से जुड़ी कुछ जानकारियां देने के बाद हाल ही में निर्माताओं ने फिल्म के ट्रेलर को भी जारी कर दिया था, जिसे दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिली थी। वहीं, हाल ही में फिल्म का गाना 'स्टेपामार' भी रिलीज कर दिया है। कल्कि 2898 एडी अभिनेता प्रभास ने इस गाने की तारीफ की है और इसे 'मेंटल एनर्जी सॉन्ग' बताया है।
विज्ञापन
प्रभास ने 'स्टेपामार' को बताया 'मेंटल एनर्जी सॉन्ग'
पैन वर्ल्ड स्टार प्रभास ने राम पोथिनेनी और संजय दत्त अभिनीत फिल्म 'डबल इस्मार्ट' के गाने 'स्टेपामार' के लिए अपना उत्साह व्यक्त किया और सोशल मीडिया पर गाने का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, अभिनेता ने गाना शेयर करते हुए लिखा, "मेंटल एनर्जी सॉन्ग! राम और पुरी गारू की ओर से क्या एनर्जी है!"
इस फिल्म का पहला भाग हुआ था रिलीज
इस डांस नंबर को नकाश अजीज, साहिती ने गाया है और इसे मोशिन ने लिखा है जबकि संगीत मणि शर्मा का है। इस फिल्म का पहला भाग साल 2019 में रिलीज हुआ था। इस साइंस फिक्शन- एक्शन फिल्म को पुरी जगन्नाथ ने लिखा और निर्देशित किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी सफल साबित हुई थी। इस फिल्म से अभिनेता के फैंस काफी उत्साहित थे और फिल्म बड़े पैमाने पर दर्शक बटोर पाने में सफल रही थी।
संजय दत्त भी आएंगे नजर
बता दें कि फिल्म का निर्माण चार्मी कौर और पुरी जगन्नाथ ने पुरी कनेक्ट्स के बैनर तले किया है। फिल्म में बॉलीवुड स्टार संजय दत्त भी खलनायक की भूमिका में नजर आने वाले हैं। फिल्म में बानी जे, अली, गेटअप श्रीनु, सयाजी शिंदे, मकरंद देशपांडे, टेम्पर वामसी भी अहम भूमिका में दिखेंगे। फिल्म 'डबल इस्मार्ट' 15 अगस्त को कई भाषाओं में स्क्रीन पर रिलीज होने वाली है।