तमिल अभिनेत्री सरन्या पोनवन्नन के फैंस के लिए एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। ऑन स्क्रीन मां की भूमिकाएं निभाकर लोकप्रियता हासिल करने वालीं अभिनेत्री कानूनी पचड़े में फंस गई हैं। सरन्या के खिलाफ किसी अन्य ने नहीं बल्कि उनकी पड़ोसी ने शिकायत दर्ज कराई है। वहीं इसके पीछे की वजह भी बेहद हैरान करने वाली है।
सरन्या की पड़ोसी द्वारा दर्ज की गई शिकायत के अनुसार, अभिनेत्री ने पार्किंग की जगह को लेकर लड़ाई करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। खबरों के मुताबिक, सरन्या और उनकी पड़ोसी श्रीदेवी के बीच उनके घर के सामने पार्किंग की जगह को लेकर झगड़ा हो गया। ऐसा कहा जाता है कि जब श्रीदेवी अपनी कार को पार्किंग से बाहर ले जा रही थीं तो उन्होंने लोहे के गेट से सरन्या की कार को टक्कर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। इससे सरन्या और श्रीदेवी के परिवार के बीच बहस शुरू हो गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीदेवी ने स्थानीय चेन्नई पुलिस स्टेशन में सरन्या के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें दावा किया गया है कि अभिनेत्री उन्हें मौखिक रूप से परेशान कर रही हैं और जान से मारने की धमकी दे रही हैं, जबकि उन्होंने गलती से वाहन को नुकसान पहुंचाने के लिए माफी मांगी थी। रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि सरन्या पोनवन्नन ने भी श्रीदेवी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और दावा किया है कि वह अपना गेट खुला रखकर उनकी पार्किंग की जगह में घुसपैठ करती रहती हैं। सरन्या ने पड़ोसी पर अपमानजनक बयान देने का भी आरोप लगाया गया है।
Bade Miyan Chote Miyan: 'बड़े मियां छोटे मियां' को मिला यू/ए सर्टिफिकेट, जानें अक्षय-टाइगर की फिल्म का रनटाइम
सरन्या ने मणिरत्नम की 'नायकन' से एक अभिनेत्री के रूप में अपनी शुरुआत की। उन्होंने कई तमिल और तेलुगु फिल्मों में अभिनय किया। हालांकि, तमिल सिनेमा में मां की भूमिकाएं निभाकर वह ज्यादा पॉपुलर हुईं। वह 'राम', 'ओरु कल ओरु कन्नडी', 'एम मगन', 'कलावणी' और 'वेलैयिल्ला पट्टाथारी' में अपनी भूमिकाओं के लिए जानी जाती हैं। उन्हें आखिरी बार 'कॉन्ज्यूरिंग कन्नप्पा' में देखा गया था और वह जयम रवि की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'ब्रदर' के साथ वापसी करेंगी।