नास्सर को हाल ही में 'पोन्नियिन सेलवन I' और II में देखा गया था। अभिनेता ने अब खुलासा किया है कि उन्होंने केवल एक दिन के लिए शूटिंग की और डेट्स की दिक्कतों के कारण और सीन्स न कर पाने का उनको अफसोस है। नास्सर अब एक वेब सीरीज 'द जेंगाबुरु कर्स' के साथ कमबैक कर रहे हैं। हसमें ये डबल रोल में दिखाई देंगे। शो की रिलीज से पहले एक इंटरव्यू में, नास्सर ने 'पोन्नियिन सेलवन' और 'बाहुबली' फिल्मों जैसे अपने बड़े प्रोजेक्ट्स के बारे में दिलचस्प बातें साझा कीं। इसमें 'लगान' भी शामिल थी, जो उन्हें ऑफर हुई थी, लेकिन उन्हें इससे बाहर होना पड़ा था।
यह भी पढ़ें: 'गदर 2' की सफलता पर सनी देओल ने जताई खुशी, बोले- हमें कभी नहीं पता था...
जब नास्सर से पूछा गया कि उनका एक ही सीन फिल्म के दोनों हिस्सों में कई बार दोहराया गया, तो इस पर एक्टर ने कहा, 'मुझे बहुत बुरा लगता है क्योंकि वह बहुत महत्वपूर्ण किरदार था। इसमें और भी कई सीन होने थे। मुझे वहां पांच या छह दिनों के लिए रहना था, लेकिन दुर्भाग्य से यह इतनी बड़ी फिल्म थी और इसे रीशेड्यूल किया जा रहा था। या तो कोई शेड्यूल कैंसिल हो गया था या जब उन्होंने फोन किया, तो मैं वहां नहीं, कहीं और था। कई बार ऐसा भी हुआ कि मैं उनको डेट्स ही नहीं दे सका। इसलिए मेरे सभी सीन एक ही दिन में फिल्माए गए।'
आपको बता दें कि अभिनेता नास्सर ने तमिल के अलावा हिंदी, तेलुगू, मलयालम और अंग्रेजी फिल्मों में भी अपने अभिनय का परचम लहराया। नास्सर की लोकप्रिय फिल्मों में इरुवर, रोजा, वीरम, खुशी, अंगरक्षक, चाची 420 , रावड़ी राठौर, बाहुबली, रमैया वस्तावैया, थलाइवी आदि शुमार हैं। अभिनय के अलावा अभिनेता नास्सर ने कुछ फिल्मों का निर्देशन भी किया है। फैंस आज भी फिल्म ‘बाहुबली’ में उनके अभिनय को खूब याद करते हैं।
यह भी पढ़ें: 20 साल तक होस्ट करने के बाद भी KBC के सेट पर तीन घंटे पहले पहुंच जाते हैं बिग बी, बेटे ने बताई वजह