इमरान हाशमी बॉलीवुड के मशहूर अभिनेताओं से एक हैं। हाल ही में, वे फिल्म 'टाइगर 3' में सलमान खान और कैटरीना कैफ के साथ दिखाई दिए थे। इस फिल्म में दर्शकों को उनका किरदार काफी पसंद आया था। आने वाले दिनों में इमरान वेब सीरीज 'शोटाइम' में अहम भूमिका निभाते दिखेंगे। पिछले दिनों अपने शो के प्रमोशन के दौरान अभिनेता बॉलीवुड की सच्चाई और 'नेपोटिज्म' पर खुलकर बातें करते नजर आए।
'नेपोटिज्म' का अर्थ भी नहीं जानते लोग
वेब सीरीज 'शोटाइम' का निर्माण करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस की डिजिटल शाखा धर्माटिक ने किया है। इस शो में नेपोटिज्म यानि भाई-भतीजीवाद का भी खुलकर जिक्र किया गया है। इमरान हाशमी ने अपने साक्षात्कार के दौरान कहा, 'वे लोग जो सोशल मीडिया पर परिवारवाद या भाई-भतीजावाद का झंडा उठाए रहते हैं असल में उन्हें इसका सही अर्थ भी नहीं पता होता है। वे बस भीड़ का हिस्सा भर हैं।'
ट्रोल्स के लिए नशा है यह शब्द
इमरान अपनी बात जारी रखते हुए कहते हैं, 'जहां तक मुझे याद है करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' में पहली बार नेपोटिज्म शब्द का इस्तेमाल हुआ था। उस शो से पहले ज्यादतर लोगों को इस शब्द के बारे में पता भी नहीं था। आज भी जो लोग इस शब्द का इस्तेमाल ट्रोलिंग के लिए कर रहे हैं उन्हें नहीं पता है कि वे आखिर यह क्यों कर रहे हैं। उनके लिए यह शब्द एक नशा जैसा है। इंटरनेट पर लोग नफरत फैलाने के लिए इस शब्द का प्रयोग करते हैं।'
'शोटाइम' की कहानी
हाल ही में, करण जौहर ने वेब सीरीज 'शोटाइम' के ट्रेलर को रिलीज किया। सीरीज के ट्रेलर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस सीरीज की कहानी बॉलीवुड के काले सच को दिखाएगी। इमरान हाशमी इस शो में निर्माता की भूमिका में नजर आने वाले हैं। वे एक दृश्य में नेपोटिज्म पर कटाक्ष करते हुए कहते हैं, 'बॉलीवुड में हर आउटसाइडर इनसाइडर बनना चाहता है।' दर्शकों में अभी से इस सीरीज को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। 'शोटाइम' को 8 मार्च 2024 को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज किया जाएगा।