'गजनी' में प्रदीप रावत ने विलेन की भूमिका अदा की थी। हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि फिल्म के निर्देशक एआर मुरुगादॉस पहले सलमान खान को फिल्म में कास्ट करना चाहते थे।
आमिर खान की फिल्म 'गजनी' हिंदी की पहली वो फिल्म थी, जिसने सौ करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता का परचम लहराते हुए सभी को अपने कमाई के आंकड़ों से चौंका दिया था। आमिर खान के किरदार की खूब चर्चा हुई थी। इस फिल्म का दर्शकों पर कुछ ऐसा असर हुआ था कि लोगों ने उनके किरदार के हेयरस्टाइल को भी कॉपी किया था। अब इस फिल्म की कास्टिंग को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है।
सलमान को कास्ट करना चाहते थे निर्देशक
'गजनी' में प्रदीप रावत ने विलेन की भूमिका अदा की थी। हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि फिल्म के निर्देशक एआर मुरुगादॉस पहले सलमान खान को फिल्म में कास्ट करना चाहते थे। उन्होंने बताया कि मुरुगादॉस भाईजान को काफी पसंद करते थे। इसी वजह से वो उन्हें अपनी फिल्म में लेना चाहते थे।
सलमान को जल्दी गुस्सा आ जाता है और आमिर शांत हैं
प्रदीप रावत ने सलमान को कास्ट करने के मसले पर अपने विचार रखते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि सलमान खान को 'गजनी' में लेना सही फैसला होता। उनका कहना था कि सलमान खान को जल्दी गुस्सा आ जाता हैं। प्रदीप रावत 'सरफरोश' फिल्म में आमिर खान के साथ काम कर चुके थे। अपने अनुभव के आधार पर उन्होंने बताया कि आमिर खान स्वभाव से शांत हैं। वो सभी से अच्छा व्यवहार करते हैं और उन्हें फिल्म में लेना सही होगा। प्रदीप ने याद करते हुए बताया कि उन्होंने 25 सालों में कभी भी आमिर खान को किसी पर चिल्लाते हुए नहीं देखा और न ही किसी का अपमान या फिर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए नहीं देखा।
तेलुगु वाली 'गजनी' देखते ही आमिर ने भर ली थी हामी
'गजनी' इसी नाम से बनी तेलुगु फिल्म का हिंदी रीमेक है। तेलुगु वाली फिल्म को भी एआर मुरुगादॉस ने ही डायरेक्ट किया था। जब इस फिल्म के रीमेक को लेकर बातचीत शुरू हुई थी तो आमिर ने फिल्म देखने के तुरंत बाद प्रदीप रावत से कह दिया था कि वो इस फिल्म में काम करेंगे। मालूम हो कि 'गजनी' के अलावा प्रदीप रावत और आमिर खान 'सरफरोश' और 'लगान' में भी एक साथ काम कर चुके हैं।