बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाले अपराधी का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए 20 से अधिक टीमें बनाई हैं। हमलावर का पता लगाने के लिए पुलिस अपने मुखबिरों के नेटवर्क का इस्तेमाल कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने 20 टीमें बनाई हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या हमलावर का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड भी है? एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जांच टीम हमलावर को पकड़ने के लिए मुखबिरों की मदद के अलावा तकनीक का भी इस्तेमाल कर रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस हमलावर की तलाश शुरू कर चुकी है। उन्होंने बताया कि जांचकर्ताओं का मानना है कि हमलावर ने मौके से भागने से पहले अपने कपड़े बदले होंगे। पुलिस ने नर्स फिलिप, घरेलू सहायकों, इमारत के गार्ड के बयान भी दर्ज किए हैं। सैफ के घर के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई है।
पुलिस इमारत के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, जिसमें घुसपैठिया लकड़ी की छड़ी और लंबे हेक्सा ब्लेड से लैस होकर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस के मुताबिक हमला गुरुवार तड़के मुंबई के बांद्रा स्थित ‘सतगुरु शरण’ इमारत में अपार्टमेंट में ‘चोरी के प्रयास’ के दौरान हुआ था। 2.33 बजे कैद की गई फुटेज में संदिग्ध युवक का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। इमारत की छठी मंजिल पर सीढ़ियों से उतरते समय वह भूरे रंग की कॉलर वाली टी-शर्ट और लाल दुपट्टा या ‘गमछा’ पहने हुए दिखाई दे रहा है।
सैफ अली खान पर हुए हमले की शुरुआती जांच में घुसपैठियों के जबरन घर में घुसने का सबूत नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार रात में किसी समय वह चुपचाप घर में दाखिल हुए। पुलिस ने नौकरानी की शिकायत पर हत्या के प्रयास के साथ लूट, घर में जबरन घुसने सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
हमले के बाद सैफ को बेटा इब्राहिम ऑटो रिक्शा से लेकर अस्पताल पहुंचा। हालांकि घटना के समय सैफ के परिवार के अन्य सदस्य घर में ही थे। सैफ की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि फिलहाल डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रख रहे हैं। टीम ने यह भी बताया कि सैफ का परिवार सुरक्षित है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पहले जेह के कमरे में घुसा हमलावर, मांगे एक करोड़ रुपये
सैफ के घर में काम करने वाली एक स्टाफ नर्स ने पुलिस को बयान दिया कि हमला करने वाले ने अभिनेता से पहले एक करोड़ रुपये मांगे। केस की शिकायतकर्ता एलियामा फिलिप ने बताया, हमलावर सबसे पहले सैफ-करीना के छोटे बेटे जेह के कमरे में घुसा। मैं यह देखने के लिए उठी कि वहां कौन है तो पाया कि एक कम हाइट का पतला आदमी वहां से बाहर आ रहा था और जेह के बिस्तर की ओर बढ़ा। उसने मुझपर वार किया जिसमें मेरी कलाई कट गई। उसने कहा कि उसे एक करोड़ रुपये की जरूरत है। इस पर फिलिप ने शोर मचाया तो सैफ तेजी से वहां आए। घुसपैठिये ने सैफ पर हमला कर दिया।
संबंधित वीडियो-