'पुष्पा 2' इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के फैंस इस एक्शन थ्रिलर फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज को लेकर लगातार तरह-तरह की अटकलें सामने आती रही हैं। कई बार निर्देशक और अभिनेता के बीच मनमुटाव की खबरें आईं, तो कभी खबरें आईं कि फिल्म के कुछ दृश्यों को दोबारा से फिल्माया जा रहा है। इन तमाम अटकलों के बाद अब एक ऐसी खबर सामने आई है, जिससे अभिनेता के फैंस काफी ज्यादा उत्साहित हैं। फिल्म की रिलीज को लेकर मंगलवार को निर्माताओं ने ट्वीट कर जानकारी दी है।
निर्माताओं ने दी रिलीज को लेकर जानकारी
मंगलवार को 'पुष्पा' फिल्म के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर फिल्म की रिलीज को लेकर जानकारी दी गई है। फिल्म के एक्स अकाउंट से आईएमडीबी की पोस्ट साझा की गई है, जिसमें अल्लू अर्जुन की इस फिल्म को साल की बहुप्रतीक्षित फिल्म बताया गया है। इस पोस्ट को दोबारा से पोस्ट करते हुए कैप्शन में फिल्म के रिलीज डेट पर मोहर लगाई गई। इस पोस्ट के कैप्शन पर लिखा था," 6 दिसंबर 2024 को दुनिया भर में ग्रैंड रिलीज।" गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से फिल्म की रिलीज डेट टलने की खबरें तेजी से फैल रही थीं।
Ryan Reynolds: क्या 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' में नजर आएंगी टेलर स्विफ्ट? रयान रेनॉल्ड्स ने दिया यह जवाब
निर्देशक और अभिनेता के बीच मनमुटाव की हैं अफवाहें
बीते कुछ समय से लगातार ये चर्चाएं तेजी से फैल रही थीं कि अल्लू अर्जुन और निर्देशक सुकुमार के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। अफवाहें चल रही हैं कि अभिनेता उनसे नाराज चल रहे हैं। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि पुष्पा अभिनेता एयरपोर्ट पर कम दाढ़ी वाले लुक में नजर आए थे। जाहिर है कि फिल्म में उनके किरदार की दाढ़ी काफी बड़ी दिखाई गई है। कुछ फैंस ने उन रिपोर्ट्स का हवाला दिया था, जिसमें कहा गया था कि फिल्म की शूटिंग अगस्त में पूरी होगी। ऐसे में सोशल मीडिया पर कई फैंस ने अगस्त से पहले अभिनेता का लुक बदल जाने के पीछे इस कथित मनमुटाव को जिम्मेदार बताया है।
'उलझ' स्टार जान्हवी ने दिखाया अपना बॉसी अवतार
साल 2021 में रिलीज हुई थी 'पुष्पा'
बता दें कि कुछ समय पहले ये खबर आई थी कि फिल्म की टीम तेजी से काम पूरा करने में जुटी हुई है, ताकि फिल्म को तय समय पर रिलीज किया जा सके। अब ऐसे में टीम की तरफ से फिल्म को तय तारीख पर रिलीज करने की जानकारी देना फैंस के लिए काफी उत्साहवर्धक होगा। बताते चलें कि यह फिल्म साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म 'पुष्पा: द राइज' का सीक्वेल है। सुकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म के अगले भाग में अल्लू अर्जुन के अलावा रश्मिका मंदाना, फहाद फाजिल, सुनील आदि कलाकार अपनी भूमिका को आगे बढ़ाते नजर आने वाले हैं।
Shatrughan Sinha: शत्रुघ्न सिन्हा के लिए सोनाक्षी की खुशी है सबसे जरूरी, बोले- मैंने पिता का फर्ज निभाया है