हाल में ही अरशद वारसी ने एक पॉडकास्ट के दौरान साउथ के सुपरस्टार प्रभास को लेकर टिप्पणी की थी। इस पर अब विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अरशद ने फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' को लेकर चर्चा की थी, जिसमें उन्होंने प्रभास के प्रदर्शन पर टिप्पणी की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। अरशद को काफी ट्रोल भी किया गया।
नानी ने अरशद वारसी के बयान को गैर जरूरी बताया है। इसके साथ ही उन्होंने अरशद को आड़े हाथ लेते हुए कटाक्ष भी किया। अभिनेता ने कहा, "मुझे लगता है कि उनके जीवन की यह सबसे बड़ी पब्लिसिटी है, जो उन्हें अभी मिली है।" अब नानी ने अपने ही बयान पर सफाई देते हुए कहा है कि उनका इरादा अभिनेता का अपमान करने का नहीं था।
नानी ने मिडडे को बताया कि विवाद पर उनकी प्रतिक्रिया को गलत तरीके से लिया गया है और अब उन्हें अपने शब्दों के चयन पर पछतावा है। अभिनेता ने कहा कि उन्होंने प्रभास के प्रति अपने प्यार के कारण अरशद के कमेंट की केवल एक छोटी सी क्लिप देखने के बाद प्रतिक्रिया दी की, लेकिन जब उन्होंने पूरा एपिसोड देखा और जिस बात के लिए अरशद ने टिप्पणी की, उसे देखा तो उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ।
उन्होंने कहा, "मेरे शब्दों का चयन गलत था। सबसे बड़ी बात जो आप कर सकते हैं, वह है अपने पछतावे को स्वीकार करना। अगर हम गलती करते हैं, तो हमें जिम्मेदारी लेनी चाहिए, चाहे वह मैं हूं या कोई और।"