फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुश्ताक खान: 'मेरी एक टांग…', अनीस ने कैसे तैयार किया था 'वेलकम' का मशहूर डायलॉग? फिल्ममेकर ने सुनाया किस्सा

Fri, 25 Sep 2026 09:52 AM IST
राजश्री वर्मा एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Sanjay Mishra Tribute To Mushtaq Khan: फिल्म 'वेलकम' में 'बल्लू' का किरदार निभा चुके मुश्ताक खान का 24 सितंबर को निधन हो गया। अभिनेता के निधन पर अनीस बज्मी ने बताया कि कैसे उनका 'वेलकम' फिल्म का मशहूर डायलॉग तैयार हुआ था।
विज्ञापन
मुश्ताक खान और अनीस बज्मी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बॉलीवुड अभिनेता मुश्ताक खान ने 56 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। इस बात की जानकारी सबसे पहले कॉमेडियन सुनील पाल ने दी। उनके मुताबिक, मुश्ताक लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उन्होंने 24 सितंबर को मुंबई के नानावती अस्पताल में आखिरी सांस ली। यह खबर सुनते ही बॉलीवुड और टीवी जगत की कई हस्तियों ने मुश्ताक खान को श्रद्धांजलि दी। 
विज्ञापन


बता दें कि मुश्ताक खान ने साल 2007 में आई हिट कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम’ में फैंस के पसंदीदा ‘बल्लू’ का किरदार निभाया था। इसी फिल्म से उनका डायलॉग 'मेरी एक टांग नकली है' काफी फेमस भी हुआ था। अब फिल्ममेकर ने इसके पीछे की कहानी बताई है कि कैसे यह डायलॉग बना।

मुश्ताक खान - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
कैसे बना 'वेलकम' का मशहूर डायलॉग
फिल्ममेकर अनीस बज्मी ने दिवंगत अभिनेता मुश्ताक खान को याद करते हुए फिल्म 'वेलकम' से जुड़ी एक यादगार कहानी साझा की। बज्मी ने बताया कि फिल्म में मुश्ताक खान के लिए शुरुआत में कोई बड़ा रोल नहीं था। इसके बावजूद उन्होंने फिल्म में काम करने के लिए हामी भर दी, जबकि उन्हें बताया गया था कि वह ज्यादातर समय बैकग्राउंड में ही नजर आएंगे।

गुरुवार को एएनआई से बात करते हुए बज्मी ने कहा, 'शुरुआत में मेरे पास मुश्ताक खान के लिए कोई बड़ा रोल नहीं था। मैंने उन्हें यह बात बताई और कहा कि वह बॉडीगार्ड के भी पीछे खड़े रहेंगे, लेकिन मैंने उन्हें भरोसा दिलाया कि कुछ न कुछ जरूर करेंगे। वे मुझे इतना मानते थे कि वे आ गए।'

अनीस बज्मी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
पूरी रात बैठकर लिखी लाइन
फिल्म की शूटिंग शुरू होने के कुछ दिनों बाद बज्मी को एहसास हुआ कि मुश्ताक खान के किरदार के लिए डायलॉग भी होने चाहिए। शूटिंग के आठवें या नौवें दिन खान ने बज्मी से कहा कि अभी तक उनके पास फिल्म में कोई डायलॉग नहीं है। इसके बाद बज्मी ने उनके लिए एक खास हिस्सा तैयार करने का फैसला किया। बज्मी ने बताया, 'इसके बाद मैं पूरी रात बैठा और मुश्ताक खान के हिस्से पर काम किया।'

बज्मी ने आगे बताया, 'मैंने नाना पाटेकर और अनिल कपूर से कहा कि वे नहीं बोलेंगे, बल्कि उनके पीछे खड़ा आदमी बोलेगा। वे दोनों बहुत अच्छे कलाकार हैं और मेरे अच्छे दोस्त भी हैं। उन्होंने तुरंत हामी भर दी।' इसके बाद वह सीन बना, जिसमें मुश्ताक खान का मशहूर डायलॉग था, 'मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था।'

मुश्ताक खान - फोटो : सोशल मीडिया
जब मुश्ताक खान ने कही थी ये बात
बज्मी ने यह भी बताया कि कुछ समय बाद मुश्ताक खान ने उन्हें बताया था कि फिल्म में काम करने के कई साल बाद भी लोग उन्हें इसी डायलॉग से पहचानते हैं। बज्मी ने कहा, 'मुझे याद है कि मुश्ताक खान ने कुछ समय पहले मुझसे कहा था कि मेरा यकीन मानिए। मैंने इतनी सारी फिल्में की हैं, लेकिन आज भी लोग मुझे पहचानते हैं। मैं जहां भी जाता हूं, लोग मुझसे वही डायलॉग बोलने के लिए कहते हैं।'

अनीस बज्मी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अभिनेता के निधन पर क्या बोले अनीस
मुश्ताक खान के अचानक निधन पर बज्मी ने बताया कि उन्हें दिन में ही खबर मिली थी कि खान की तबीयत खराब है। उस समय वह पुणे में थे और अस्पताल जाकर उनसे नहीं मिल सके। फिल्ममेकर ने कहा, 'शाम को मुझे खबर मिली कि वह नहीं रहे। यह बहुत दुख की बात है, क्योंकि वह हमारे बहुत अच्छे दोस्त थे। 'वेलकम' में मैंने उनके साथ बहुत अच्छा समय बिताया था। वह बहुत अच्छे इंसान और बहुत अच्छे अभिनेता थे।'

बज्मी ने यह भी बताया कि करीब दो महीने पहले ही उनकी मुश्ताक खान से मुलाकात हुई थी। दोनों ने साथ बैठकर बातें की थीं और पुरानी यादें ताजा की थीं। बज्मी ने कहा कि उन्हें खान की किसी गंभीर बीमारी के बारे में जानकारी नहीं थी। बज्मी ने आगे कहा, 'मुश्ताक ने मुझे कभी नहीं बताया कि उन्हें कोई परेशानी है। उनके बेटे ने भी मुझे नहीं बताया। मुझे नहीं पता था कि वह किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।'

मुश्ताक खान के फिल्मी योगदान को याद करते हुए बज्मी ने कहा, 'उन जैसे लोग दुनिया से चले जाते हैं, लेकिन उनकी यादें हमेशा रहती हैं। उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। लोग उन्हें याद करेंगे।'
विज्ञापन

मुश्ताक खान - फोटो : अमर उजाला
इस फिल्म से मुश्ताक ने किया था डेब्यू
मुश्ताक खान ने 1980 में फिल्म 'अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है' से सिनेमा की दुनिया में कदम रखा था और उनका करियर तीन दशकों से भी ज्यादा लंबा रहा। अपनी शानदार और अलग-अलग तरह की एक्टिंग के लिए मशहूर इस एक्टर ने 'वेलकम', 'गदर: एक प्रेम कथा' और 'हम हैं राही प्यार के' जैसी कई हिंदी फिल्मों में काम किया।

फिल्म ‘वेलकम’ में उनका कॉमेडी अंदाज आज भी लोगों को याद है। खासतौर पर उनका मशहूर डायलॉग 'मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी हूं' वाला सीन फिल्म के सबसे पसंदीदा पलों में से एक है। उनकी कॉमेडी टाइमिंग और शानदार अभिनय ने 'बल्लू' के किरदार को दर्शकों के बीच यादगार बना दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें