फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hawkeye Review: क्लिंट और केट के किरदारों ने एमसीयू को दिया नया धरातल, मार्वल की ये सीरीज शानदार है

विज्ञापन
Hawkeye Review - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
Movie Review
हॉकआई (एपीसोड 1 और 2)
कलाकार
जेरेमी रेनर , हैली स्टीनफेल्ड , टोनी डॉल्टन और फ्रा फी
लेखक
जोनाथन इगला
निर्देशक
राइस थॉमस
निर्माता
मार्वल स्टूडियोज
ओटीटी
डिज्नी प्लस हॉटस्टार
रेटिंग
3/5

मार्वल सिनेमैटिक यूनीवर्स के दर्शकों के लिए इनकी कहानियों का किरदार ‘हॉकआई’ एक ऐसा किरदार रहा है जो उनको अपने सबसे करीब का दिखता है। सुपरहीरोज की दुनिया में वह एक ऐसा किरदार है जिसके पास कोई सुपरपॉवर नहीं है। उसके पास है तो बस हुनर और कौशल तीरंदाजी का। और, उसके आसपास जो भी ताकतवर सुपरहीरो या अरबपति एवेंजर हैं, उन सबमें वह बहुत ही साधारण दिखता है। डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई नई वेब सीरीज ‘हॉकआई’ में केट बिशप कहती भी है, ‘आपकी समस्या आपकी ब्रांडिंग है। आपका पूरा किस्सा ही इतना आम है कि इससे लोगों को प्रभावित करना बहुत मुश्किल है।’ इस एक संवाद से ही पूरी वेब सीरीज का मूड इसके रचयिता तय कर देते हैं। और, इसी एक आम से दिखने वाले किरदार से ये किशोरी केट प्रभावित है, वह उसके जैसा बनना चाहती है और अब से नहीं बचपन से।

विज्ञापन

Hawkeye Review - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
वेब सीरीज ‘हॉकआई’ की कहानी न्यूयॉर्क शहर में 2012 में शुरू होती है। दर्शकों को दिखता है फिल्म ‘एवेंजर्स’ का वो सीन जिसमें दूसरे ग्रहों, अंतरिक्षों से आए जीवों ने तबाही मचा रखी है। हर तरफ विध्वंस ही विध्वंस है और इस आफत की चश्मदीद बनती है 13 साल की केट बिशप। उसके पिता इसी हादसे का शिकार हो जाते हैं। वहां से कहानी आज के समय में लौटती है। केट बिशप को तीरंदाजी में आनंद आता है। वह अपनी उम्र के हिसाब से शरारतें करने में व्यस्त है लेकिन उसकी मां को ये पसंद नहीं है। एक रईस उसकी मां पर डोरे भी डाल रहा है और ‘हॉकआई’? वह यहां पहले क्लिंट बार्टन के रूप में दिखता है। अपने परिवार के साथ क्रिसमस से पहले के जश्न का आनंद लेते हुए। तभी शहर में हड़कंप मचता है। कहानी उसी के एक रूप रोनिन से कड़ियां जोड़नी शुरू करती है। केट और क्लिंट मिलते हैं और कहानी एक नए रास्ते के सफर पर निकल पड़ती है।

Hawkeye Review - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

क्लिंट और केट के बीच पनपता एक अनोखा रिश्ता वेब सीरीज ‘हॉकआई’ की बुनियाद है। एक मशहूर एवेंजर है और दूसरी उसकी प्रशंसक जो उसके जैसा बनना चाहती है बिना ये जाने कि इसमें कितना जोखिम है। क्लिंट उसे समझाना चाहता है लेकिन केट के अंदर जवानी का जोश है। नीलामी के एक सत्र के बीच एक कातिल दस्ते का हमला होता है। शहर के एक रईस का कत्ल भी होता है और सब कुछ एक ऐसा माहौल बनाना शुरू कर देता है जो मार्वल की इस साल रिलीज हुईं हर वेब सीरीज से बेहतर दिखता है। कहानी के स्तर पर वेब सीरीज ‘हॉकआई’ ने अपने पहले दो एपीसोड में ही दर्शकों को बांधना शुरू कर दिया है। इस साल रिलीज हुईं मार्वल की सीरीज ‘वांडा विजन’, ‘द फाल्कन एंड द विंटर सोल्जर’ और ‘लोकी’ में मानवीय दृष्टिकोण का जो रस गायब दिख रहा था वह वेब सीरीज ‘हॉकआई’ में शुरू से रिसना शुरू हो जाता है।

Hawkeye Review - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
क्लिंट बार्टन का किरदार वेब सीरीज ‘हॉकआई’ में पहली बार लाइमलाइट में हैं। मार्वल सिनेमैटिक यूनीवर्स की कहानियों में ये किरदार अब तक साइडहीरो के तौर पर ही दिखता रहा है। लेकिन, पहली बार उसका कौशल फोकस में है। जेरेमी रेनर को भी पता है कि एमसीयू की इस कहानी में पूरा दारोमदार उनके मानवीय पहलुओं को परदे पर बेहतर तरीके से पेश करने में ही है और वह इसमें सौ फीसदी कामयाब भी रहते हैं। सीरीज के रचयिता जोनाथन इगला ने इस किरदार की इसी मानवीय खूबी को इस कहानी का मूल तत्व बनाया है। मार्वल की कहानियों में मानवीय संवेदनाओं को चतुराई से सुपरहीरो की कहानियों में हर बार पिरोया जाता है लेकिन वेब सीरीज ‘हॉकआई’ इस मायने में दूसरों से इक्कीस है कि यहां दो अलग अलग पीढ़ियों के बीच पुल बनाने की खूबसूरत कोशिश की गई है।
विज्ञापन

Hawkeye Review - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
लेकिन, वेब सीरीज ‘हॉकआई’ की असल स्टार हैं हैली स्टीनफेल्ड। केट बिशप के किरदार में वह पहले एपीसोड से ही अपने चारों तरफ एक चुंबकीय आकर्षण पैदा करने में सफल रही हैं। उनको इस किरदार में लिया जाना ही इस सीरीज की जीत है। जेरेमी रेनर के साथ उनका हर दृश्य लाजवाब है। दोनों के बीच चलती रहने वाली नोकझोंक भी सीरीज देखने का आनंद बढ़ाती है। सीरीज की बोहनी शानदार है और उम्मीद की जानी चाहिए कि इसके आगे आने वाले एपीसोड मार्वल सिनेमैटिक यूनीवर्स के प्रशंसकों को एक अलग धरातल का सुख देने में सफल रहेंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें