हैलो फ्रैंड्स! ये तो आप जानते ही हैं सलमान खान की फिल्म के लिए उनका नाम ही काफी है। बेशक, आप सलमान को चुलबुले अंदाज, एक्शन और रोमांस करते हुए स्क्रीन पर देख चुके हैं, लेकिन 'एक था टाइगर' में आप सलमान के कई रूपों को एक साथ देख पाएंगे। एक जासूस, एक लवर, एक देशभक्त और एक बेहतरीन एक्शन फाइटर के रूप में।
'एक था टाइगर' में सल्लू और कैट एक लंबे अंतराल के बाद परदे पर नजर आए। दोनों इससे पहले 'मैंने प्यार क्यों किया' और 'युवराज' फिल्म में स्क्रीन पर रोमांस करते दिखाई दिए थे। आइए जानें इस बार दोनों की केमिस्ट्री कैसी है और दर्शकों के लिए ये फिल्म मनोरंजन का कितना डोज लेकर आई है।
कहानी
कहानी एक सीक्रेट एजेंट और उसकी प्रेमिका जोया (कैटरीना कैफ) की है। फिल्म में सीक्रेट एजेंट को कोड नेम टाइगर (सलमान खान) दिया गया है। टाइगर अपने घर से ज्यादा अपने मिशन पर रहता है। वह अलग-अलग मुल्क में जाकर देश के लिए जासूसी करता है। एक मिशन के दौरान टाइगर को जोया से प्यार हो जाता है और यहीं से शुरू होता है कहानी में उतार-चढ़ाव और आता है कहानी में रोमांच। यानी कुल मिलाकर कहानी रोमांटिक थ्रिलर बेस्ड है। कहानी का सेंकेंड हाफ फर्स्ट पार्ट से भी ज्यादा रोमांच करने वाला है, क्योंकि उसमें भरमार है एक्शन सीन्स की।
अभिनय
कैटरीना के अभिनय से ज्यादा एक्शन सीन्स दर्शकों को ज्यादा पसंद आएंगे। सलमान पूरी फिल्म में छाए रहे। रणवीर शौरी और गिरीश कर्नाड भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने में कामयाब रहें। पूरी फिल्म में कैट और सलमान की कैमिस्ट्री देखते ही बनती है।
निर्देशन
कबीर खान ने ‘न्यूयॉर्क’ फिल्म से ज्यादा 'एक था टाइगर' में कैटरीना से अच्छा काम लिया है। पूरी फिल्म में रोमांच बना रहता है और कई उतार-चढ़ावों के बाद भी फिल्म में कहीं भी बोरियत नहीं होती। लव सीन्स हों या एक्शन सीन्स सभी जगह फिल्म बांधें रखती है। कबीर खान के कैरियर में ये फिल्म मील का पत्थर साबित हो सकती है।
संगीत
"माशल्ला", "बंजारा", "मैं लापता" तीनों गाने हिट हो चुके हैं और लोगों की जुबां पर भी हैं। "माशल्ला" गीत में जहां हिट होने के सारे गुण मौजूद हैं, वहीं इनमें नाइंटीज के साउंड की खुशबू भी आती है। "बंजारा" हो या "मैं लापता", सभी कैट और सलमान की कैमिट्री को अच्छी तरह दिखाते हैं। सलमान के गीतों की खासियत है कि उनके गानों में वे खुद भी बेहद हावी रहते हैं जिससे उनके गीत खुद-ब-खुद हिट होने लगते हैं। इस फिल्म के गीतों में भी कुछ ऐसा ही है। संगीत का भी बखूबी इस्तेमाल किया गया है।
क्यों देखें
कुछ अच्छे डायलॉग के लिए फिल्म देखी जा सकती है। फिल्म के कुछ खास डायलॉग जो कि सलमान की रीयल लाइफ से खास तौर पर जुड़े हुए हैं। कैटरीना एक सीन में सलमान से पूछती हैं। 'तुम्हारी शादी हो गई', जवाब में सलमान कहते हैं 'डायरेक्ट शादी, ये नहीं पूछोगी कि गर्लफ्रेंड है?' तो कैट कहती हैं 'नहीं, अब तुम्हारी उम्र शादी की हो गई है'।
एक जगह कैट कहती हैं- 'जिस मोहब्बत में दीवानगी ना हो, वो मोहब्बत ही नहीं।'कहने का अर्थ है पूरी फिल्म में चुलबुले, हंसाने वाले और कुछ संवेदनशील डायलॉग्स हैं जो कि फिल्म को खास बनाते हैं। कैटरीना को एकदम नए लुक में यानी एक्शन करते हुए देखना है तो फिल्म देखी जा सकती है। एक अच्छी स्टोरी में सलमान कैसे फिट दिखते हैं या सल्लू-कैट की जोड़ी को परदे पर देखने के लिए फिल्म देख सकते हैं।
क्यों न देखें
फिल्म में देशभक्ति की थीम से ज्यादा लव स्टोरी पर फोकस किया गया है, यदि आपको लव स्टोरीज पसंद नहीं है तो ये फिल्म आपके लिए नहीं है।
एक्स्ट्रा शॉट्स
फिल्म 'एक था टाइगर' के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट में केस दायर किया गया है। जयपुर के वैशालीनगर में रहने वाले विक्रम वशिष्ठ ने दावा किया था फिल्म की कहानी उनके मामा के वास्तविक जीवन पर आधारित है। उन्होंने मांग की थी कि उनके मामा को क्रेडिट दिया जाए। विक्रम के स्वर्गीय मामा रवींद्र कौशिक पाक में भारत के जासूस थे।इस फिल्म से 200 करोड़ रूपए कमाने की उम्मीद की जा रही है। कैटरीना का कहना था कि सलमान के होने से लोग फिल्म में सिर्फ सलमान को ही देखेंगे।'एक था टाइगर' की कहानी का पाकिस्तान में विरोध हुआ था। ऐसा माना जा रहा है कि ‘एक था टाइगर’ में शहीद जांबाज जासूस रविंद्र कौशिक की जीवनी पर आधारित है।यशराज बैनर के साथ ये सलमान खान की पहली फिल्म है।इस फिल्म की शूटिंग डबलिन, इस्तांबुल और क्यूबा जैसी जगहों पर हुई है।कैटरीना कैफ ने निर्देशक कबीर खान के साथ 'एक था टाइगर' फिल्म से पहले 'न्यूयॉर्क' फिल्म की थी।'माशाअल्लाह माशाअल्लाह' कैटरीना कैफ आइटम सॉन्ग्ा भी कर रही हैं, इस गाने के लिए कैट ने बेली डांस सीखा है।फिल्म का कैटरीना को लेकर बनाया गया पोस्टर जारी किया गया है जिस पर लिखा गया है कि वे एक ऐसी लड़की हैं जिसने टाइगर को पालतू बना रखा है।
फिल्म के सितारे
सितारे कहते हैं कि एक था टाइगर से आदित्य चोपड़ा के खाते में एक और सफल फिल्म का नाम जुड़ जाएगा। यह फिल्म पुर्नवसु नक्षत्र में सिद्ध योग में रिलीज हो रही है। जिससे फिल्म की बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का एक रिकार्ड बनेगा। आदित्य चोपड़ा का भाग्यांक 9 है और इस वर्ष का भाग्यांक 5 है जो आदित्य चोपड़ा के लिए लकी है। आदित्य का मूलांक 3 है जिससे फिल्म मेकिंग के अलावा मार्केटिंग की कला भी आदित्य चोपड़ा बखूबी जानते हैं। अपनी इस योग्यता के कारण भी यह दर्शकों को सिनेमा घरों तक लाने में कामयाब होंगे। सलमान खान का भाग्यांक 3 है और कैटरीना का भाग्यांक 4 है। इन दोनों को भी यह वर्ष सपोर्ट कर रहा है। लेकिन दोनों में सलमान के लिए यह वर्ष अधिक भाग्यशाली होगा। सलमान खान पूरी फिल्म में दर्शकों के दिल पर छाए रहेंगे। दर्शकों को कैटरीना की खूबसूरती और अदाएं पसंद आएगी।
(राकेश झा)