Boong Wins Big At New York Indian Film Festival:: मणिपुरी फिल्म 'बूंग' ने पहले बाफ्टा अवॉर्ड में अपना जलवा दिखाया था। अब इस फिल्म ने न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महोत्सव में फिल्म ने तीन अवॉर्ड अपने नाम किए हैं।
न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल (NYIFF) में भारतीय फिल्म 'बूंग' ने इतिहास रच दिया है। रविवार को खत्म हुए इस महोत्सव में फिल्म ने तीन अवॉर्ड अपने नाम किए हैं। फिल्म के मुख्य कलाकार को सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का सम्मान मिला है। महोत्सव में दस अलग-अलग कैटेगरी में भारतीय सिनेमा के बेहतरीन कलाकारों और फिल्मों को सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
फिल्म को कौन से अवॉर्ड मिले?
फेस्टिवल में ‘बूंग’ ने तीन पुरस्कार अपने नाम किए। पहला ‘सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फिल्म’ का पुरस्कार। दूसरा लक्ष्मीप्रिया देवी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार और तीसरा गुगुन किपगेन को सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार पुरस्कार दिया गया।
न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल 28 से 31 मई तक चला, जिसमें 15 भाषाओं की अलग-अलग तरह की फिल्में दिखाई गईं।
बूंग
- फोटो : यूट्यूब
क्या है 'बूंग' की कहानी?
‘बूंग’ की कहानी बहुत प्यारी और दिल को छू लेने वाली है। यह फिल्म मणिपुर की घाटी में रहने वाले बच्चे बूंग (गुगुन किपगेन) पर आधारित है। बूंग वर्षों से अकेली रह रही अपनी मां को खुश करने के लिए खास तोहफा देने की योजना बनाता है। वह, तोहफा है अपने पिता को वापस लाना। वह पिता की तलाश में निकल जाता है। इस सफर में उसका दोस्त साथ देता है। मां की खुशियों के लिए पिता को खोजने निकले बूंग की यह कहानी बेहद मार्मिक है। बूंग को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
फिल्म में नजर आए ये कलाकार
फिल्म ‘बूंग’ में गुगुन किपगेन के अलावा बाला हिजाम, नेमेतिया नगंगबाम, जेनी खुरई, हामोम सदानंद,एंगम सनामतम, विक्रम कोचर, थौदम ब्रजबिधु और मोधुबाला थौदम जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए। फिल्म के बाल कलाकारों का अभिनय बहुत ही सहज है। कई सीन्स दर्शकों को भावुक कर जाते हैं, आंखों को नम कर देते हैं।
फरहान अख्तर
- फोटो : इंस्टाग्राम
फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस की है 'बूंग'
इस फिल्म को निर्माता-निर्देशक और एक्टर फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर साल 2024 के ‘टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ में हुआ था। वहां इसे दर्शकों से स्टैंडिंग ओवेशन मिला था। भारतीय सिनेमाघरों में यह फिल्म सितंबर 2025 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन लक्ष्मीप्रिया देवी ने किया है।
'बाफ्टा' में मिला था अवॉर्ड
इससे पहले मणिपुरी फिल्म 'बूंग' ने बाफ्टा अवॉर्ड्स 2026 में भी जलवा दिखाया था। वहां फिल्म ने बेस्ट चिल्ड्रन एंड फैमिली कैटेगरी में पुरस्कार जीता था। 'बूंग' BAFTA में नामांकित होने वाली अकेली भारतीय फिल्म थी। इसने 'जूटोपिया 2', 'लिलो एंड स्टिच' और 'आर्को' जैसी बड़ी-बड़ी अंतरराष्ट्रीय फिल्मों को हराकर यह अवॉर्ड जीता।
इससे पहले फिल्म का पहला प्रीमियर 2024 में टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। बाद में इसे वारसॉ, MAMI मुंबई, IFFI और मेलबर्न इंडियन फिल्म फेस्टिवल जैसे कई बड़े फेस्टिवल में दिखाया गया।