इस दौरान उन्होंने हिजबुल के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों, संपर्क सूत्रों और आगे की रणनीतियों जैसी बेहद अहम जानकारियां जुटाईं। कहा जाता है कि एक चरण में वे पाक अधिकृत क्षेत्र तक भी पहुंचे, जहां आतंकियों के बीच रहकर उन्होंने महत्वपूर्ण इंटेल जुटाई। जब उनकी पहचान पर शक हुआ, तब उन्होंने अद्भुत धैर्य और चतुराई से हालात पलट दिए। मौके का फायदा उठाकर उन्होंने दो खतरनाक आतंकियों को मार गिराया और अपने मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया।
घायल होने के बावजूद चार आतंकियों को ढेर
साल 2009 में उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में हुए अभियान ने उन्हें अमर शहीदों की पंक्ति में हमेशा के लिए स्थापित कर दिया। घने जंगलों में घात लगाकर बैठे आतंकियों ने भारतीय दस्ते पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। चार सैनिक घायल हुए, लेकिन मेजर मोहित अपनी जान की परवाह किए बिना गोलियों की बारिश में घुस गए। उन्होंने दो घायल जवानों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और फिर सीने पर गोली लगने के बावजूद चार आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया। यह वीरता किसी कहानी का हिस्सा नहीं, बल्कि भारत के एक सच्चे सिपाही का वास्तविक पराक्रम था।
'धुरंधर' फिल्म के ट्रेलर का एक सीन
- फोटो : यूट्यूब ग्रैब
मेजर मोहित शर्मा की पत्नी मेजर ऋषिमा शर्मा भी भारतीय सेना में अधिकारी थीं और दोनों एक आदर्श सैन्य दंपति के रूप में पहचाने जाते थे। उनकी शहादत के समय दंपति के बच्चे नहीं थे, लेकिन परिवार, गांव और देश के लिए वो हमेशा गर्व का स्रोत बने रहे।
देश का सर्वोच्च शौर्य सम्मान
मेजर मोहित शर्मा को 2009 में अदम्य साहस, अतुलनीय नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान के लिए मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। उनका नाम भारतीय सेना के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जा चुका है।
कब रिलीज हो रही फिल्म धुरंधर?
फिल्म 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हो रही है। स्टारकास्ट की बात करें तो, फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा आर. माधवन, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और अरजुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी महत्वपूर्ण किरदारों में दिखेंगे।