शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म 'कुछ कुछ होता है' दर्शकों की पसंदीदा फिल्म में से एक है। करण जौहर अक्सर इस फिल्म में लैंगिक राजनीति पर बात करते आए हैं। हाल ही में एक बातचीत में करण ने बताया कि दिग्गज अदाकारा शबाना आजमी ने एक बार उनसे उनकी पहली फिल्म में इसे लेकर सवाल किया था। करण ने बताया कि उन्होंने इन कमियों के लिए उनसे माफी भी मांगी थी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी फिल्मों में बहुत सारी गलतियां दिखती हैं।
करण जौहर ने कहा, 'मुझे अपनी कोई भी फिल्म पसंद नहीं है। मुझे अपनी फिल्मों में बहुत सारी गलतियां दिखती हैं। अब जब मैं कुछ कुछ होता है देखता हूं, तो मुझे अजीब लगता है। मुझे लगता है कि मैंने क्या बनाया है। कुछ कुछ होता है में बहुत सारी गलतियां हैं। मुझे याद है कि शबाना जी ने मुझे बुलाया था और मुझसे पूछा था कि इस फिल्म में जब काजोल के किरदार के बाल छोटे थे, तो शाहरुख खान का किरदार उनसे प्यार नहीं करता था, लेकिन जब उन्होंने अपने बाल लंबे कर लिए और वह खूबसूरत हो गई, तो उसे प्सार हो गया। इस पर आपको क्या कहना है?'
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने उनसे बस इतना कहा कि मुझे माफ कर दीजिए। मुझे नहीं पता था।' इससे पहले भी करण ने एक कार्यक्रम में इस फिल्म को लेकर बात करते हुए इसमें लैंगिक राजनीति की बात कही थी। उन्होंने कहा था, 'ये गलत लैंगिक राजनीति का प्रचार करती है। मुझे लगता है कि मैं एक व्यक्ति के रूप में बड़ा हो गया हूं। मैंने जो पहली फिल्म कुछ कुछ होता है बनाई थी, इसे लेकर मेरा ऐसा विश्वास है कि उस फिल्म की लैंगिक राजनीति पूरी तरह से गलत थी।'
'कुछ कुछ होता है' 1998 की एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है। करण जौहर ने इसका निर्देशन किया था। फिल्म के गाने और डायलॉग्स आज भी दर्शकों के बीच खूब पसंद किए जाते हैं। फिल्म में शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी के अभिनय प्रदर्शन की खूब सरहना हुई थी।