सार
नागा चैतन्य और शोभिता धुलिपाला ने 8 अगस्त को एक-दूसरे को अंगूठियां पहनाकर अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया है। दोनों ने अपने परिवार और प्रियजनों के सामने सगाई की। सगाई के बाद अपनी इन खूबसूरत तस्वीरों को शोभिता ने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया था। अब सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट श्रद्धा मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शोभिता के मेकअप की एक झलक दिखाई है और उनका शानदार और खूबसूरत वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है।
नागा चैतन्य और शोभिता धुलिपाला
- फोटो : इंस्टाग्राम@shraddhamishra8
नागा चैतन्य और शोभिता धुलिपाला ने आखिकार कई अटकलों के बाद पिछले हफ्ते सगाई कर ली है। नागा चैतन्य के सामंथा रुथ प्रभु से तलाक होने के बाद दो साल तक डेटिंग करने वाले इस जोड़े ने घर पर ही सगाई की है। सगाई के बाद नागा के पिता और साउथ सुपरसटार नागार्जुन ने अपने बेटे और बहू की खूबसूरत तस्वीरों के साथ सोशल मीडिया पर बेटे और बहू की सगाई की जानकारी साझा की थी। सगाई की तस्वीरों के बाद अब सोशल मीडिया पर शोभिता के मेकअप और नागा के साथ फोटोशूट का एक वीडियो सामने आया है।
नागा चैतन्य-शोभिता की सगाई
नागा चैतन्य और शोभिता धुलिपाला की सगाई नागार्जुन के घर पर ही सम्पन्न हुई, जहां दोनों ने सगाई के बाद फोटोशूट भी कराया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि इसकी एक झलक शोभिता ने पहले ही अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर दी थी। लेकिन अब शोभिता की सगाई की तस्वीरों के बाद उनका तैयार होते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर छा गया है। इस पहली वीडियो क्लिप में शोभिता को तैयार होते देखा जा सकता है, साथ ही उनकी मेकअप आर्टिस्ट उनकी नजर भी उतारती नजर आ रही हैं।
क्या खास है इस वीडियो में
वीडियो में अभिनेत्री शोभिता ने अपनी लंबी चोटी और सगाई की साड़ी दिखाई। उन्होंने उस दौरान झूले पर भी कई पोज दिए। नागा चैतन्य भी कुछ तस्वीरों में उनके साथ नजर आए। सगाई की कुछ तस्वीरें भी ऑनलाइन सामने आईं। इस वीडियो में यह दिखाया गया है कि शोभिता अपनी सगाई के लिए कैसे तैयार हुई थीं।
नागार्जुन ने की सगाई के बाद पोस्ट की थीं तस्वीरें
शोभिता और नागा की सगाई बीते गुरुवार को हुई थी। यह समारोह नागार्जुन के घर पर हुआ और इसमें केवल करीबी परिवार के सदस्य ही शामिल हुए। नागार्जुन ने खुशखबरी को आधिकारिक रूप से साझा करने के लिए एक्स एकाउंट पर लिखा, "हमें अपने बेटे नागा चैतन्य की सगाई शोभिता धुलिपाला से करते हुए खुशी हो रही है, जो आज सुबह 9:42 बजे हुई! हम उसे अपने परिवार में स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं। खुश जोड़े को बधाई! उन्हें जीवन भर प्यार और खुशी की कामना करता हूं। भगवान भला करे! 8.8.8 अनंत प्रेम की शुरुआत’’।
नागा चैतन्य-सामंथा को लेकर नागार्जुन ने कही थी यह बात
तेलुगु सुपरस्टार ने एक इंटरव्यू के दौरान सामंथा से नागा के अलगाव के बारे में बात करते हुए कहा था, ''नागा चैतन्य उदास थे, जब उन्होंने और सामंथा ने अलग होने का फैसला किया था। नागा को फिर से खुशी मिल गई है। वह बहुत खुश है। मैं भी खुश हूं। यह नागा और परिवार के लिए आसान समय नहीं रहा है। सामंथा से अलग होने से वह बहुत उदास हो गया था। मेरा बेटा अपनी भावनाओं को किसी के सामने जाहिर नहीं करता। लेकिन मुझे पता था कि वह दुखी था। उसे फिर से मुस्कुराते हुए देखना... शोभिता और नागा एक बेहतरीन जोड़ी बनाते हैं। वे एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं।"
Vicky Kaushal: ‘छावा’ अभिनेता विक्की ने सोशल मीडिया पर साझा कीं शानदार तस्वीर, पत्नी कैटरीना ने किया रिएक्ट