कमल हासन की नई फिल्म 'इंडियन 2' रिलीज होने वाली है। 28 साल बाद फिल्म का सीक्वल देखने के लिए कमल के फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर भी लॉन्च हो चुका है, जिसने दर्शकों के उत्साह को सातवें आसमान पर पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हाल ही में, फिल्म के निर्देशक शंकर ने 'इंडियन 2' को दो भागों में बांटने को लेकर बात की है।
विज्ञापन
निर्देशक शंकर ने दी अहम जानकारी
'इंडियन 2' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कमल हासन ने बताया था कि वो 'इंडियन' में काम करना नहीं चाहते थे। वहीं, फिल्म के निर्देशक शंकर ने भी अपनी इस फिल्म को लेकर एक दिलचस्प बात बताई थी, जिसे हम आपके सामने रखने जा रहे हैं। दरअसल, शंकर ने 'इंडियन 2' को दो भागों में बांटने की योजना बनाई है और 'इंडियन' फिल्म का तीसरा भाग भी आएगा। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि जब फिल्म की एडिटिंग की जा रही थी तो इसका हर सीन काफी अच्छा लग रहा था और वो कहानी के सार से किसी तरह का कोई समझौता नहीं करना चाहते थे। इसलिए इसे दो भागों में बांट दिया गया है।
शंकर ने बताया पहले और दूसरे भाग में अंतर
शंकर ने 'इंडियन' और 'इंडियन 2' में फर्क बताते हुए कहा कि पहले भाग की कहानी केवल एक ही राज्य के आस-पास घूमती थी और दूसरे भाग की कहानी सभी राज्यों में चलती है। ऐसे में 'इंडियन 2' में एक लंबी कहानी देखने को मिलती है। बता दें कि यह फिल्म 12 जुलाई, 2024 को तमिल, तेलुगु और हिंदी भाषा में रिलीज होगी।
ये कलाकार आएंगे नजर
'इंडियन 2' में कमल हासन के साथ-साथ प्रिया भवानी शंकर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, बॉबी सिम्हा, सिद्धार्थ, एसजे सूर्या, समुथिरकानी और ब्रह्मानंदम ने भी अभिनय किया है। फिल्म का निर्माण लाइका प्रोडक्शंस और रेड जायंट फिल्म्स द्वारा किया गया है। इसका संगीत अनिरुद्ध ने तैयार किया है।