बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के देश में ही नहीं विदेशों में भी प्रशंसक हैं। अपने शानदार फिल्मी करियर में शाहरुख कई लोगों की प्रेरणा बने हैं। हाल ही में हॉलीवुड अभिनेता जॉन सीना ने किंग खान की प्रशंसा की है। एएनआई से बात करते हुए हॉलीवुड अभिनेता ने बताया कि शाहरुख खान ने उन्हें कैसे प्ररित किया है। उन्होंने यह भी साझा किया कि जब वह शाहरुख से व्यक्तिगत रूप से मिले तो वह भावुक हो गए थे। जॉन ने कहा, मेरे जीवन में वह सही समय पर मिले और उनके शब्द मेरे लिए प्रेरणा से परे थे।
जॉन सीना ने शाहरुख खान की प्रशंसा करते हुए कहा, 'उन्होंने मेरे जीवन में बदलाव लाने में मदद की। उस बदलाव के बाद से मैं उन सभी जैकपॉट को पहचानने में सक्षम हो गया हूं, जो मुझे दिए गए हैं और आभारी हूं और यह सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत करता हूं कि मैं उन्हें बर्बाद न करूं।' शाहरुख के साथ हाल ही में हुई मुलाकात ने सीना पर एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा, 'यह एक ऐसा भावनात्मक क्षण था, जब आप किसी ऐसे व्यक्ति से हाथ मिला सकते थे, जो आपके जीवन को इतना प्रभावित करता है। मैं उन्हें यह बता सकता था कि उन्होंने क्या किया है। यह वास्तव में अद्भुत और काफी शानदार था।'
अनंत-राधिका की शादी में हुई थी मुलाकात
इससे पहले 14 जुलाई को मुंबई में मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में शामिल होने के एक दिन बाद जॉन सीना ने अपने एक्स अकाउंट पर समारोह में शाहरुख के साथ अपनी मुलाकात की एक तस्वीर पोस्ट की थी। इस दौरान उन्होंने शाहरुख के अपने जीवन पर सकारात्मक प्रभाव के बारे में बताया था। अंबानी परिवार के लिए उनकी बेजोड़ गर्मजोशी और आतिथ्य के लिए बहुत आभारी हूं। इतने सारे अविस्मरणीय क्षणों से भरा अनुभव जिसने मुझे अनगिनत नए दोस्तों से जुड़ने का मौका दिया। इसमें शाहरुख खान से मिलना और उन्हें व्यक्तिगत रूप से यह बताने में सक्षम होना शामिल है कि उन्होंने मेरे जीवन पर कितना सकारात्मक प्रभाव डाला है।