जेम्स कैमरून ने चार्ल्स पेलेग्रीनो की किताब 'घोस्ट्स ऑफ हिरोशिमा' के राइट्स खरीद लिए हैं। कहा जा रहा है कि उनकी अगली फिल्म जापान पर हुए परमाणु हमले पर आधारित होगी।
मशहूर फिल्म निर्देशक जेम्स कैमरून जापान पर हुए परमाणु हमले पर आधारित एक फिल्म बनाने वाले हैं। खबर है कि उन्होंने इसके लिए 'घोस्ट्स ऑफ हिरोशिमा' नाम की किताब के राइट्स भी खरीद लिए हैं। कहा जा रहा है कि जेम्स इस फिल्म को 'अवतार' फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म के काम से समय मिलने के बाद बनाएंगे।
विज्ञापन
'लास्ट ट्रेन फ्रॉम हिरोशिमा' और 'घोस्ट्स ऑफ हिरोशिमा' को साथ मिलाकर बनाएंगे फिल्म
'घोस्ट्स ऑफ हिरोशिमा' किताब को चार्ल्स पेलेग्रीनो ने लिखा है। खास बात ये है कि चार्ल्स पेलेग्रीनो ने निर्देशक जेम्स कैमरून की मशहूर फिल्म टाइटैनिक और अवतार के लिए उनके विज्ञान सलाहकार के तौर पर भी काम किया था। वैरायटी की रिपोर्ट के मुताबिक, कैमरुन साल 2015 में आई चार्ल्स की एक और किताब 'लास्ट ट्रेन फ्रॉम हिरोशिमा' को 'घोस्ट्स ऑफ हिरोशिमा' के साथ मिलाकर फिल्म पर काम करेंगे।
सच्ची घटना पर आधारित होगी फिल्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म एक ऐसे जापानी आदमी की सच्ची कहानी दिखाएगी, जो जापान पर हुए दोनों परमाणु हमले के दौरान बच गया था। मालूम हो कि अमेरिका ने 6 अगस्त, 1945 को हिरोशिमा में पहला एटम बम गिराया था और फिर 9 अगस्त को नागासाकी में दूसरा हमला किया था। फिल्म में जिस जापानी आदमी की कहानी दिखाई जाएगी वो हिरोशिमा में हुए हमले के बाद ट्रेन में बैठकर नागासाकी गया था, जहां फिर से परमाणु हमला हो गया था।
2025 में आएगी अवतार फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म
जेम्स कैमरून द्वारा निर्देशित अवतार फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म अवतार: फायर एंड ऐश 19 दिसंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग 2009 में आया था। इसके बाद 2022 में अवतार: वे ऑफ वॉटर नाम से दूसरा भाग रिलीज किया गया था।