लांस आर्मस्ट्रांग को बड़े पर्दे पर देखने वालों की ख्वाहिश जल्द ही पूरी होने वाली है। उनकी जिंदगी पर दो फिल्में बन रही हैं। विवादित अमेरिकी साइकलिस्ट लांस आर्मस्ट्रांग की जीवनी और उनके करियर के बारे में फिल्म बनाने के अधिकार फिल्म निर्माण कम्पनी वार्नर्स ब्रदर्स ने खरीद लिए हैं, दूसरी तरफ फिल्म निर्माण कम्पनी पेरामाउंट पिक्चर्स भी आर्मस्ट्रांग पर फिल्म बनाने की योजना बना रही है।
समाचार एजेंसी ईएफई ने डेडलाइन ब्लॉग के हवाले से बताया कि एटलस एंटरटेनमेंट के चार्ल्स रोवन और एलेक्स गार्टनर फिल्म की विषय वस्तु पर काम कर रहे हैं। स्कॉट जेड बर्न्स फिल्म के पटकथा लेखक होंगे जबकि फिल्म के निर्देशक जे रोच होंगे।
जनवरी महीने में आई मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि जे जे एब्राम्स की निर्माण कम्पनी बैड रोबोट और पेरामाउंट पिक्च र्स मिलकर आर्मस्ट्रांग के करियर पर बनने वाली फिल्म पर काम कर रहे हैं। दोनों कम्पनियों ने न्यूयार्क टाइम्स की खेल पत्रकार जुलियट मैकर की जून में आने वाली किताब 'साइकिल ऑफ लाइज : द फॉल ऑफ लांस आर्मस्ट्रांग' के फिल्म रूपांतरण के अधिकार खरीदे थे।