ऑस्कर पुरस्कारों की चकाचौंध के बारे में कौन नहीं जानता। हर किसी को पता है कि दुनियाभर की बेहतरीन फिल्मों को इस पुरस्कार से नवाजा जाता है। 'लाइफ ऑफ पाई' को यह अवॉर्ड मिलने के बाद ऑस्कर को लेकर होने वाली चर्चा तेज हो गयी है।
ऐसे में यह ख्याल आना लाजमी है कि आखिर वह कौन सी फिल्म है जिसने सबसे पहले ऑस्कर पुरस्कार अपने नाम किया था। तो जान लीजिए, इस फिल्म का नाम था ‘विंग्स’ जो एक मूक फिल्म थी। यह 1927 में रिलीज हुई थी। जानकारों की माने तो 'विंग्स' न सिर्फ सर्वश्रेष्ठ फिल्म का ऑस्कर जीतने वाली पहली फिल्म थी बल्कि ये अकेली मूक फिल्म थी जिसे ये उपलब्धि हासिल हुई।
1929 में पहले ऑस्कर पुरस्कारों का आयोजन किया गया था तो 'विंग्स' को सबसे अहम यानी बेहतरीन फिल्म का ऑस्कर मिला था। यह वो समय था जब बोलने वाली फिल्में मूक फिल्मों को हाशिए पर डालने लगी थीं। अब जरा इसकी कहानी पर बात करते हैं। 'विंग्स' ऐसे दो दोस्तों की कहानी है जो प्रथम विश्व युद्ध के दौरान फाइटर पायलट बनते हैं।
यह फिल्म कई वजहों से काबिले तारीफ है। इसमें हवाई लड़ाई के दृष्यों को बखूबी स्क्रीन पर दिखाया गया था। इस फिल्म में उस दौर की अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया था। मूक फिल्मों के दौर की समाप्ति के वक्त फिल्माई गई ये फिल्म सभी बड़े शहरों में पर्दे के पीछे लाइव साउंड इफेक्ट्स के साथ रिलीज की गई थी। अपनी इन्हीं खासियतों के चलते शायद 'विंग्स' सर्वश्रेष्ठ फिल्म ऑस्कर जीतने वाली पहली फिल्म बनी।