हॉलीवुड की
'ब्लैक पैंथर' फिल्म ने दुनियाभर में एक
अरब डॉलर से अधिक की कमाई कर ली है। डिज्नी के मार्वेल यूनिवर्स की यह पांचवीं फिल्म है जो मील का पत्थर साबित हुई है। इस फिल्म में वकांडा नामक एक काल्पनिक अफ्रीकी देश है जिसमें अभिनेता चैडविक बॉजमैन इस देश के अपराध से लड़ने वाले एक शासक बने हैं।
इसको धरती का सबसे आधुनिक तकनीकी देश बताया गया है। इस फिल्म में ऑस्कर विजेता लूपीता न्योंगो, माइकल बी जॉर्डन और डैनियल कलूया ने भी मुख्य भूमिका निभाई है। साथ ही 'द हॉबिट' के स्टार मार्टिन फ्रीमैन ने सीआईए एजेंट एवरेट रॉस का किरदार निभाया है।
फिल्म को बताया गया गेम-चेंजर
फिल्म की एक बड़े गेम-चेंजर की तरह तारीफ की गई है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा ने फिल्म में अधिकतर काले कलाकार होने की भी तारीफ की है। फिल्म के निर्देशक रेयान कूगलर भी काले हैं।
बॉक्स ऑफिस के विश्लेषक जेफ बॉक ने न्यूयॉर्क टाइम्स से कहा, "मुझे लगता है कि यह एक दीवार को ढहाने जैसा है। 'ब्लैक पैंथर' को लेकर अब कोई स्टूडियो यह नहीं कह सकता कि 'ओह, काले कलाकारों वाली फिल्में चलती नहीं हैं, इनकी कमाई बेहद कम होती है।" डिज्नी की टिकट ब्रिक्री के अनुसार फिल्म ने रिलीज के 26वें दिन एक अरब की कमाई का आंकड़ा छू लिया था।
फिल्मों की जानकारी देने वाली वेबसाइट आईएमडीबी का कहना है कि एक अरब डॉलर का आंकड़ा बॉक्स ऑफिस पर 32 फिल्मों ने छुआ है। इनमें 2012 में जेम्स बॉण्ड सिरीज की 'स्काइफॉल', 2017 की 'ब्यूटी एंड द बीस्ट' और 'फ्रोजेन' फिल्म भी शामिल है।
कई सुपरहीरो छूटे पीछे
बीते सप्ताह के ब्रिटेन के आंकड़ों से पता चला था कि 'ब्लैक पैंथर' ने 'आयरन मैन', 'थॉर' और 'कैप्टन अमरीका' जैसी सुपरहीरो वाली फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है और तीन सप्ताह में करीब 3.5 करोड़ पाउंड की कमाई की है।
ब्रिटेन में अब तक रिलीज हुईं मार्वेल स्टूडियो की 18 फिल्मों में इससे अधिक सिर्फ दो फिल्मों ने कमाई की है। 2015 में 'एवेंजर्स: एज ऑफ एल्ट्रॉन' ने चार करोड़ पाउंड की कमाई की थी तो वहीं 2012 में आई 'एवेंजर्स' ने भी चार करोड़ पाउंड की कमाई की थी।
फिल्म की कामयाबी की उम्मीद शुरू से ही की जा रही थी। अमेरिका और कनाडा में सप्ताह की शुरुआत में जितनी कमाई की उम्मीद लगाई जा रही थी, उससे इसने दोगुनी कमाई की। पिछले महीने फिल्म के निर्देशक कूगलर ने बेहद भावुक पत्र लिखकर समर्थकों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, "मैं इस क्षण का आभार किन शब्दों में व्यक्त करूं, ये समझ नहीं पा रहा हूं।"