ब्रिटनी के इस इंस्टाग्राम पोस्ट से उनके फैंस को ऐसा लगा कि सिंगर उन सभी से मदद मांग रही हैं। इसके बाद न सिर्फ उनसे इंस्टाग्राम पोस्ट पर फैंस अपनी चिंता जाहिर करने लगे बल्कि साथ ही साथ वो सोशल मीडिया पर #SaveBritney और #FreeBritney के साथ सोशल मीडिया पोस्ट भी करने लगे। इसके साथ ही शुरू हुआ कंजरवेटरशिप (कानूनी तौर पर संरक्षकता) के खिलाफ पिटिशन का सिलसिला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब एक लाख चौतीस हजार लोग इस पिटिशन को साइन कर चुके हैं, ताकि ब्रिटनी को कंजरवेटरशिप से आजादी मिल सके।
बता दें कि कंजरवेटरशिप, अमेरिका में संरक्षकता की एक कानूनी अवधारणा है, जहां कोर्ट के द्वारा प्रतिनिधियों का चुनाव होता है, उस शख्स के लिए जो मानसिक या शारीरिक रूप से खुद की देखभाल करने में असमर्थ हैं। यह आमतौर पर बुजुर्ग लोगों के लिए किया जाता है या फिर मानसिक स्वास्थ्य से पीड़ित लोगों के लिए जो सिज़ोफ्रेनिया जैसी बीमारी से जूझ रहे हो।
ऐसे में ब्रिटनी के मामले में उनकी वित्तीय संपत्ति से लेकर अन्य कोई भी फैसला सिंगर के पिता जेमी स्पीयर्स और एक वकील करते हैं। डाइट प्राडा की एक रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटनी हर साल एक मिलियन डॉलर से अधिक कंजरवेटरशिप की फीस देती हैं। इसके साथ ही करीब एक लाख डॉलर वो अपने पिता को सैलरी के रूप में देती हैं। चूंकि वो खुद अपनी संपत्ति का अपने हिसाब से इस्तेमाल तक नहीं कर सकती तो ब्रिटनी को हर हफ्ते सिर्फ 1500 डॉलर मिलते हैं सभी खर्चों के लिए। वहीं रिपोर्ट में बताया गया है कि ब्रिटनी की संपत्ति 250 मिलियन डॉलर्स से भी अधिक की है।
गौरतलब है कि 2007 में ब्रिटनी पति केविन से अलग होने के बाद टूट गई थीं। यहां तक कि उन्होंने अपना सिर भी मुंडवा लिया था। उसके बाद से ही ब्रिटनी कंजरवेटरशिप में हैं। हालांकि पहले ये अस्थायी थी लेकिन उस वर्ष के अंत तक यह व्यवस्था स्थायी कर दी गई थी। याद दिला दें कि इससे पहले ब्रिटनी और कंजरवेटरशिप को लेकर अलग अलग खबरें आ चुकी हैं। लेकिन तब ब्रिटनी ने सामने आकर इन्हें खारिज कर दिया। वहीं फैंस का कहना है कि ब्रिटनी से ऐसा करवाया जाता है।
बता दें कि ब्रिटनी स्पीयर्स का पूरा नाम ब्रिटनी जीन स्पीयर्स है। मिसिसिपी में जन्मी ब्रिटनी सबसे पहले 1992 में 'स्टार सर्च' प्रोग्राम में एक कंटेस्टेंट के तौर पर नेशनल टीवी पर नजर आई थी। इसके बाद ब्रिटनी ने 1993 से 1994 तक डिजनी चैनल की टीवी सीरीज 'द न्यू मिकी माउस क्लब' में जलवा बिखेरा। याद दिला दें कि 1999 में ब्रिटनी ने अपना पहला एलबम 'बेबी वन मोर टाइम' को रिलीज किया। इसके बाद साल 2000 में दूसरे एलबम 'ऊप्स!... आइ डिड इट अगेन' से खूब फेम मिला और इसके बाद वह धीरे-धीरे पूरे दुनिया में 'पॉप आइकॉन' के रूप में छा गईं।
पढ़ें: एक्स-मैन में वूल्वरिन के किरदार के लिए ह्यू जैकमैन नहीं थे पहली पसंद, आखिरी वक्त में ऐसे मिला था मौका