एक सुनवाई के दौरान ब्रिटनी ने जज से कहा था, 'पिछले 13 साल से मुझे जबरदस्ती ड्रग्स दी गई। मेरी इच्छा के विरुद्ध काम करने को मजबूर किया गया। इतना ही नहीं मुझे मेरे शरीर से जबरन लगे हुए बर्थ कंट्रोल डिवाइस को हटाने से भी रोका गया। मैं अपनी जिंदगी वापस चाहती हूं। कंजरवेटरशिप से मेरा भला होने से अधिक नुकसान हो रहा है। मैं एक बेहतर जिंदगी पाने की हकदार हूं।' गायिका ने कहा कि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती हैं और बच्चा चाहती हैं, लेकिन 'कंजरवेटरशिप' व्यवस्था उन्हें इसकी अनुमति नहीं दे रही है। ब्रिटनी ने कहा था, "मैं आगे बढ़ना चाहती हूं। शादी करना और बच्चा पैदा करना चाहती हूं। मुझे संरक्षण के दौरान बताया गया कि मैं बच्चा पैदा नहीं कर सकती और ना शादी कर सकती हूं। मेरे शरीर में एक IUD डिवाइस लगाई गई है ताकि मैं गर्भवती न हो सकूं। मैं इस डिवाइस को बाहर निकालना चाहती हूं ताकि मां सकूं। लेकिन मुझे डॉक्टर के पास नहीं जाने दिया, वे नहीं चाहते कि मैं प्रेग्नेंट हो सकूं।'
आखिर क्या है कंजरवेटरशिप ?
कंजरवेटरशिप, अमेरिका में संरक्षकता की एक कानूनी अवधारणा है, जहां कोर्ट के द्वारा प्रतिनिधियों का चुनाव होता है, उस शख्स के लिए जो मानसिक या शारीरिक रूप से खुद की देखभाल करने में असमर्थ हैं। यह आमतौर पर बुजुर्ग लोगों के लिए किया जाता है या फिर मानसिक स्वास्थ्य से पीड़ित लोगों के लिए जो सिजोफ्रेनिया जैसी बीमारी से जूझ रहे हों। ऐसे में ब्रिटनी के मामले में उनकी वित्तीय संपत्ति से लेकर अन्य कोई भी फैसला सिंगर के पिता जेमी स्पीयर्स और एक वकील करते हैं।