निर्देशक रॉबर्ट जेमेकिस की ड्रामा फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म के ट्रेलर में कई पीढ़ियों के साथ कई परिवारों की कहानी दिखाई गई है, जिसमें पूरी फिल्म एक ही जगह पर दिखाई गई है, जो वह घर बन जाता है, जहां हैंक्स और राइट के किरदार रहते हैं। ट्रेलर में किरदारों के बीच शुरुआती प्यार, उम्मीद, खुशियां, जिंदगी का हर एक पहलू बखूबी दिखाया गया है। साथ ही उनके भविष्य के उतार-चढ़ाव की झलकियां भी दिखाई गई हैं।
कब होगी रिलीज
टॉम हैंक्स, रॉबिन राइट के अभिनय से सजी फिल्म 'हियर' 15 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म 'फॉरेस्ट गंप' के निर्देशक, लेखक और सितारों को फिर से एक बार फिल्म 'हियर' में कास्ट किया गया है। ट्रेलर में कई परिवारों और उनके रहने के खास स्थान के बारे में एक मौलिक फिल्म है। कहानी पीढ़ियों से गुजरती है, मानवीय अनुभव को उसके शुद्धतम रूप में कैद करती है।
2 घंटे में 'हियर' के ट्रेलर को अभीतक 66 हजार से ज्यादा लोगों ने देखा है। हॉलीवुड फिल्मों और टॉम हैंक्स के प्रशंसक फिल्म के ट्रेलर को लेकर लगातार अपनी प्रतिक्रिया साझा कर रहे हैं। सोनी ड्रामा फिल्म में 'फॉरेस्ट गंप' टीम के प्रमुख सदस्य एक बार फिर साथ नजर आएंगे। ट्रेलर में हैंक्स राइट को अपने घर पर रुकने के लिए कहते हैं, "आप जानती हैं, अगर आप चाहें, तो आप रात का बाकी समय यहीं बिता सकती हैं।" वह जवाब देती है, "मैं अपना बाकी जीवन यहीं बिताना चाहूंगी।" जेमेकिस ने एरिक रोथ के साथ मिलकर लिखी गई स्क्रिप्ट से 'हियर' का निर्देशन किया है। टॉम हैंक्स की यह फिल्म रिचर्ड मैकगायर के उपन्यास 'हियर' पर आधारित है।