अमर उजाला संवाद का मंच इस बार हरियाणा में सजने जा रहा है। इस दौरान फिल्मी जगत से जुड़ी कई हस्तियां कार्यक्रम में शामिल होने जा रही हैं। गुरुग्राम में 17 दिसंबर को होने वाले इस संवाद में पुलकित सम्राट भी मंच की शोभा बढ़ाने वाले हैं। यहां जानिए कौन हैं पुलकित सम्राट और कैसा रहा इनका करियर ?
पुलकित सम्राट
- फोटो : एक्स
टीवी से की करियर की शुरुआत
दिल्ली के एक पंजाबी परिवार में जन्मे पुलकित ने अभिनय की दुनिया में अपनी जगह मेहनत, धैर्य और सही मौके के इंतजार से बनाई। आज वह उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने टेलीविजन से सफर शुरू कर सिनेमा में अपनी अलग पहचान कायम की। उनके पिता सुनील सम्राट एक बिजनेसमैन हैं।
29 दिसंबर 1983 को जन्मे पुलकित सम्राट की शुरुआती पढ़ाई दिल्ली में ही हुई। कॉलेज के दिनों में जब वह विज्ञापन से जुड़ा एक कोर्स कर रहे थे, तभी उन्हें मॉडलिंग का ऑफर मिला। यही वह मोड़ था, जिसने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। पढ़ाई को बीच में छोड़कर वह सपनों की नगरी मुंबई पहुंच गए, जहां उन्होंने अभिनय को गंभीरता से सीखने का फैसला किया।
पुलकित सम्राट
- फोटो : एक्स
पुलकित को मिला एकता कपूर का शो
मुंबई आकर पुलकित ने बाकायदा एक्टिंग स्कूल जॉइन किया और थिएटर और कैमरे की बारीकियों को समझा। छोटे पर्दे पर उन्हें पहला बड़ा मौका साल 2006 में एकता कपूर के शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में मिला, जहां उन्होंने लक्ष्य नाम का अहम किरदार निभाया। इस रोल ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई, लेकिन पुलकित की नजरें बड़े पर्दे पर थीं। कुछ समय बाद उन्होंने टीवी को अलविदा कहा और फिल्मों की ओर कदम बढ़ाया।
पुलकित सम्राट
- फोटो : एक्स
'फुकरे' ने दिलाई पहचान
पुलकित सम्राट ने साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म 'बिट्टू बॉस' से बॉलीवुड डेब्यू किया था लेकिन उनको पहचान मिली साल 2013 में फिल्म 'फुकरे' से। इस कॉमेडी फिल्म के हर किरदार को ही काफी लोकप्रियता मिली। इसके बाद पुलकित कई फिल्मों में नजर आए। इन फिल्मों में 'डॉली की डॉली', 'बंगिस्तान', 'सनम रे', 'फुकरे रिटर्न्स' ,'वीरे दी वेडिंग', 'पागलपंती' और 'हाथी मेरे साथी' शामिल है।
पुलकित सम्राट-कृति
- फोटो : एक्स
कृति खरबंदा के साथ की शादी
पर्सनल लाइफ की बात करें तो पुलकित अक्सर सुर्खियों में रहे हैं। उनका नाम कई को-स्टार्स के साथ जुड़ा, लेकिन कृति खरबंदा के साथ उनके डेटिंग के चर्चे खुलकर सोशल मीडिया पर सामने आए। पुलकित सम्राट और कृति खरबंदा ने 15 मार्च 2024 में शादी की। दोनों ने शादी से पहले करीब चार साल तक एक-दूसरे को डेट किया।
पुलकित सम्राट
- फोटो : एक्स
'राहु-केतु' में नजर आएंगे पुलकित
आज अपने करियर के इस पड़ाव पर पुलकित सम्राट लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। उनकी आने वाली फिल्म 'राहु-केतु' है जिसका कुछ समय पहले टीजर रिलीज हुआ था। उनकी आने वाली फिल्मों को लेकर उनके फैंस में खासा उत्साह है। छोटे पर्दे से निकलकर बॉलीवुड में अपनी जगह बनाना आसान नहीं था, लेकिन पुलकित ने यह साबित किया कि सही मौके, मेहनत और आत्मविश्वास से सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है।