राम गोपाल वर्मा ने हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में बताया कि 'सरकार' फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके और बिग बी के बीच मतभेद हो गया था। यह मतभेद फिल्म के एक सीन को लेकर था, जब दोनों के बीच आपस में ठन-सी गई थी।
जाने-माने निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने फिल्म जगत को कई बेहतरीन फिल्में दी हैं। राम ने साल 2005 में अमिताभ बच्चन को लेकर 'सरकार' फिल्म बनाई थी। इस फिल्म ने खूब चर्चा बटोरी थी। हाल ही में, राम गोपाल वर्मा ने इस फिल्म से जुड़ा वह किस्सा सुनाया है, जब उनके और अमिताभ के बीच मतभेद हो गया था।
विज्ञापन
करियर में पहली बार हुआ था ऐसा
राम गोपाल वर्मा ने हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में बताया कि 'सरकार' फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके और बिग बी के बीच मतभेद हो गया था। यह मतभेद फिल्म के एक सीन को लेकर था, जब दोनों के बीच आपस में ठन-सी गई थी। दोनों एक-दूसरे की बात से असहमत थे। राम गोपाल वर्मा ने बताया कि उनके करियर में यह पहली बार हुआ था, जब उनके और अमिताभ के बीच किसी सीन को लेकर असहमति सामने आई थी।
अमिताभ ने नहीं मानी थी राम गोपाल वर्मा की बात
दरअसल, इस मतभेद का कारण वह सीन था, जिसमें अमिताभ बच्चन का किरदार अपने बेटे को बाहर निकलने के लिए कहता है। अमिताभ इस सीन में जिस तरह से अभिनय कर रहे थे, वह राम गोपाल को पसंद नहीं आ रहा था। उन्होंने साक्षात्कार में बताया कि एक इंसान तभी गुस्से में होता है जब उसे कुछ उम्मीद होती है। उस सीन में पिता अपने बेटे से उम्मीद खो चुका था। इसलिए अमिताभ बच्चन को किसी तरह की कोई भावना नहीं दिखानी चाहिए थी, लेकिन अमिताभ इस बात से सहमत नहीं थे। आखिरकार जैसा अभिनय अमिताभ करना चाह रहे थे, वैसा ही शूट किया गया।
और फिर रात को आया अमिताभ बच्चन का फोन
राम गोपाल वर्मा ने बताया कि सीन शूट होने के बाद रात 11 बजे बिग बी ने उन्हें फोन किया था। राम गोपाल उनके फोन से हैरान थे। अमिताभ बच्चन ने फोन पर उनसे कहा कि मैं तुम्हारी बात के बारे में सोच रहा हूं। मुझे लगता है कि तुम सही कर रहे हो। आओ, उस सीन को दोबारा शूट करते हैं। राम गोपाल ने आगे कहा कि जब अगले दिन सीन को फिर से शूट किया गया तो अमिताभ बच्चन उनकी कल्पना से भी आगे निकल गए थे। उस सीन में बिग बी अपने हाथ के इशारे की वजह से खासे चर्चित हुए थे।