डेडपूल और वूल्वरिन की एडवांस बुकिंग शुरू
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
मार्वल स्टूडियोज की 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। इस फिल्म के जरिए रयान रेनॉल्ड्स एक बार फिर वेड विल्सन के रोल में नजर आएंगे। मार्वल स्टूडियो ने भारतीय दर्शकों के लिए 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' की एडवांस बुकिंग आज से शुरू कर दी है, जिसे लेकर प्रशंसक बेहद उत्साहित हैं। यह फिल्म 26 जुलाई, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म से जुड़ी हर एक जानकारी पर प्रशंसकों की नजर रहती है। यह फिल्म रयान रेनॉल्ड्स और ह्यूग जैकमैन दोनों की मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की ऐसी फिल्म है, जिसका इंतजार हर एक प्रशंसक कर रहा है। यह फिल्म पिछले पांच सालों से चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म का निर्देशन शॉन लेवी ने किया है।
डेडपूल के इस तीसरे सीक्वल का प्रशंसक बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उनकी खुशी इन वीडियोज से साफ जाहिर हो रही है। 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' के प्रशंसक लाल और पीली शर्ट पहने हुए हैं और इस फिल्म की एडवांस बुकिंग खुलने की खुशी में मस्ती में झूमते नजर आ रहे हैं। अब दर्शकों का लंबे समय से इंतजार खत्म हो रहा है क्योंकि फिल्म की एडवांस बुकिंग खुल चुकी है और यह फिल्म 26 जुलाई को रिलीज हो रही है। 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' के जरिए रयान रेनॉल्ड्स एक बार फिर वेड विल्सन यानी डेडपूल के किरदार में नजर आने वाले हैं। वहीं ह्यू जैकमैन फिर लोगन यानी वूल्वरिन के रोल में नजर आएंगे।
रयान रेनॉल्ड्स और ह्यू जैकमैन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' को लेकर दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर है। इसी बीच भारतीय दर्शकों के लिए यह बड़ी खुशखबरी है कि मार्वल स्टूडियो द्वारा भारतीय दर्शकों के लिए 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' की एडवांस बुकिंग शुरु कर दी है। यह फिल्म अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज की जाएगी।
भारत में मार्वल की फिल्मों के प्रशंसक भारी तादाद में मौजूद है, जिन्हें हर एक नई फिल्म का बेसब्री से इंतजार रहता है और इस बार तो बात 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' की है, तो ऐसे में स्वाभाविक है कि मार्वल के भारतीय फैंस इस फिल्म को देखने के लिए बेहद उत्साहित हो रहे हैं। टिकट की एडवांस बुकिंग की घोषणा ने तो उनके उत्साह को चरम पर ही पहुंचा दिया है। प्रशंसकों के उत्साह को देखकर लग रहा है कि यह फिल्म रिलीज के पहले सप्ताह में ही रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सबसे ज्यादा कमाई करने वाली आर-रेटेड फिल्म डेडपूल है। यह फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई थी। इसने पहले सप्ताहांत में 13.24 करोड़ डॉलर की कमाई की थी। अगर फिल्म इन आंकड़ों के मुताबिक कमाई करती है तो यह सबसे तगड़ी ओपनिंग करने वाली शीर्ष पांच फिल्मों में आसानी से शामिल हो जाएगी। इस सूची में पहले नंबर पर एवेंजर्स एंडगेम है।