शूटिंग पर किरदारों के कपड़ों में ही रहते थे ओपेनहाइमर के कलाकार
क्रिस्टोफर नोलन की सबसे बड़ी हिट फिल्म ‘ओपेनहाइमर’ की शूटिंग के दौरान क्रिस्टोफर ने सभी कलाकारों को पूरे टाइम फिल्म के किरदारों के आउटफिट में ही रहने को कहा था। साथ ही उन्होंने कास्ट से पूरे टाइम फिल्म के लिए तैयार रहने को कहा था। अगर कोई शूटिंग पर अपने कैजुअल ड्रेस में दिख जाता, तो क्रिस्टोफर उसे तब तक घूरते रहते, जब तक वो कैरेक्टर के कपड़ों में न आ जाता।
इस फिल्म की पूरी कास्ट ने इस दौरान सिर्फ क्रिस्टोफर नोलन के साथ ही काम करने के लिए एक बॉन्ड साइन किया था। इसमें फिल्म के छोटे से लेकर बड़े तक सभी एक्टर शामिल थे। गैरी ओल्डमैन जैसे कुछ लोग केवल एक सीन के लिए ही दिखाई दिए, लेकिन उन्हें भी इसको फॉलो करना पड़ा।
‘इंटरस्टेलर’ के लिए क्रिस्टोफर नोलन नहीं थे पहली पसंद
क्रिस्टोफर नोलन की सुपरहिट फिल्म ‘इंटरस्टेलर’ के लिए क्रिस्टोफर पहली पसंद नहीं थे। बल्कि स्टीवन स्पीलबर्ग को 2006 में इस फिल्म का निर्देशन सौंपा गया था। जबकि स्क्रिप्ट राइटिंग का काम जोनाथन नोलन को मिला था। लेकिन 2012 में स्पीलबर्ग फिल्म से अलग हो गए। इसके बाद जोनाथन नोलन ने अपने भाई क्रिस्टोफर नोलन को इस फिल्म के बारे में बताया और इस तरह से क्रिस्टोफर ‘इंटरस्टेलर’ से जुड़े और ये एक शानदार फिल्म बनकर तैयार हुई।
‘डंकिर्क’ की शूटिंग के लिए वैसे ही नाव से पहुंचे थे क्रिस्टोफर, असल बीच पर हुई थी शूटिंग
साल 2017 में आई फिल्म ‘डंकिर्क’ की शूटिंग की तैयारी के लिए क्रिस्टोफर नोलन, अपनी पत्नी, निर्माता डेम एम्मा थॉमस और एक दोस्त के साथ इंग्लैंड से डंकिर्क तक ठीक उसी तरह नाव से गए थे जैसे मूल निकासी अभियान के दौरान नागरिक करते थे। नोलन ने बताया कि समुद्र की खराब स्थिति के कारण इसमें 19 घंटे लगे थे। यही नहीं पूरी फिल्म डंकिर्क के उसी बीच पर शूट हुई थी जहां निकासी या इवेक्युशन हुई थी। फिल्म की रिसर्च के दौरान क्रिस्टोफर नोलन को रेत में एक अंग्रेज सैनिक की वर्दी का एक बटन भी मिला था। फिल्म में डंकिर्क निकासी में भाग लेने वाले असली छोटे जहाजों में से बारह को फिल्म में दिखाया गया है।
क्रिस्टोफर नोलन ने अकेले शूट की ‘इंसेप्शन’
दुनिया की सबसे बेहतरीन फिल्मों में शामिल ‘इंसेप्शन’ के दौरान कोई दूसरी यूनिट नहीं थी। पूरी फिल्म को क्रिस्टोफर नोलन ने ही शूट किया था। यही नहीं लियोनार्डो डिकैप्रियो के फिल्म में कास्ट होने के बाद उन्होंने क्रिस्टोफर नोलन के साथ कई महीनों वक्त बिताया था। इस दौरान उन्होंने स्क्रिप्ट में भी कई सुधार कराए और अपने सुझाव दिए। नोलन फिल्म के सुपरहिट होने के पीछे लियोनार्डो डिकैप्रियो की एक बड़ी भूमिका मानते हैं।