'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के चौथे एपिसोड में विक्की और सनी ने अपने बचपन से जुड़े एक से बढ़कर एक मजेदार किस्से सुनाए। वहीं, कपिल शर्मा सनी की खिंचाई करते हुए नजर आए।
'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का चौथा एपिसोड रिलीज हो चुका है। इस बार शो में विक्की कौशल और उनके भाई सनी कौशल नजर आए। कपिल शर्मा के चुटकुलों पर लोगों ने जमकर ठहाके लगाए। शो में कपिल शर्मा, सनी कौशल की टांग खिंचाई करते हुए भी दिखे, जिस पर दर्शक लोट-पोट हो गए।
विज्ञापन
ऐसे वेलेंटाइन डे मनाते हैं विक्की
शो की शुरुआत में कपिल शर्मा ने विक्की कौशल से वेलेंटाइन को लेकर सवाल पूछा। कपिल ने विक्की से सवाल किया कि शादी से पहले वे वेलेंटाइन डे को कैसे मनाते थे और शादी के बाद कैसे मनाते हैं। विक्की ने कपिल को जवाब देते हुए कहा कि पहले भी साथ में अच्छा समय बिताने के बारे में सोचते थे और अभी भी ऐसा ही करते हैं।
शरवरी के नाम से कपिल ने की सनी की खिंचाई
कपिल शर्मा ने विक्की के भाई सनी से भी वेलेंटाइन को लेकर सवाल पूछा कि उन्हें क्या लगता है कि वैलेंटाइन डे केवल 14 'शरवरी'..14 फरवरी को होना चाहिए या फिर हर दिन। शरवरी सुनते ही लोग जोर से हंस पड़े। विक्की कौशल भी खुद को हंसने से रोक नहीं पाए। दरअसल, सनी के बारे में ऐसी अफवाह है कि वह अभिनेत्री शरवरी के साथ अफेयर में हैं। यही वजह है कि कपिल के फरवरी की जगह 'शरवरी' बोलने पर सभी को हंसी आ गई। अपने सवाल के बहाने कपिल ने सनी कौशल की टांग खिंचाई भी कर दी।
दोनों भाईयों ने सुनाए बचपन के किस्से
शो में दोनों भाईयों ने अपने बचपन से जुड़े एक से बढ़कर एक मजेदार किस्से सुनाए। वहीं, सनी के सामने शरवरी का नाम आया तो विक्की कौशल ने शो में आगे बताया कि उनके भाई परफेक्ट हसबैंड मैटेरियल हैं। मालूम हो कि विक्की कौशल की आने वाली फिल्मों में 'छावा', 'बैड न्यूज' और 'लव एंड वॉर' शामिल हैं।