77वां कान फिल्म फेस्टिवल भारतीय सिनेमा प्रेमियों के लिए कई सारी खुशियां लेकर आया है। फेस्टिवल में भारतीय फिल्मकारों के काम को केवल सराहना ही नहीं मिली, बल्कि पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया है। पायल कपाड़िया की फिल्म 'ऑल वी इमेजिन एज लाइट' के ग्रांड प्रिक्स और अनसूया सेनगुप्ता के सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब जीतने से कलाकारों की दुनिया में जश्न का माहौल है। पुरस्कार जीतने वाली अनसूया सेनगुप्ता तो इन दिनों सातवें आसमान पर हैं।
अनसूया ने जूरी का जताया आभार
दुनियाभर में अपने अभिनय का डंका बजाने के बाद अनसूया सेनगुप्ता काफी उत्साहित हैं। उन्होंने हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में अपनी इस उपलब्धि को लेकर बातचीत की। अनसूया ने कहा कि वो इस बात के लिए जूरी की बहुत आभारी हैं कि उन्होंने मेरी मेहनत को सराहा। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था कि ऐसा कुछ हो रहा है। मैं लड़खड़ाते हुए मंच की ओर जा रही थी, जहां वे कलाकार मौजूद थे, जिनकी मैं तारीफ करती हूं और जब उन्होंने मेरा स्वागत किया तो यह एक अजीब तरह से स्वाभाविक लगा।
Rashmika Mandanna: पर्दे पर नहीं थमने वाला रश्मिका मंदाना का जादू, इन 5 फिल्मों से तोड़ेंगी पिछले सभी रिकॉर्ड
'क्वीयर समुदाय' को समर्पित किया अवॉर्ड
अनसूया को देश भर से बधाई संदेश और प्यार मिल रहा है। इस पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैं इतने सारे लोगों से मिल रहे प्यार को पाकर दंग हूं। हर किसी को गौरवान्वित करना, मेरे लिए भी गर्व की बात है। बातचीत के दौरान उन्होंने 'क्वीयर समुदाय' को अपना अवॉर्ड समर्पित किया। मालूम हो कि अनसूया पहली ऐसी भारतीय अभिनेत्री हैं, जिन्हें यह पुरस्कार मिला है।
इस फिल्म के लिए मिला अवॉर्ड
अनसूया को फिल्म 'द शेमलेस' के लिए अन सर्टन रिगार्ड सेगमेंट में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवॉर्ड मिला है। इस फिल्म को बल्गेरियाई फिल्मकार कॉन्स्टेंटिन बोजानोव ने डायरेक्ट किया है। उनकी इस उपलब्धि पर रणवीर सिंह, भूमि पेडनेकर, हुमा कुरैशी, आलिया भट्ट, कियारा आडवाणी और अर्जुन कपूर समेत कई कलाकारों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।
Cannes 2024: पायल कपाड़िया की फिल्म 'ऑल वी इमेजिन एज लाइट' ने रचा इतिहास, हासिल किया ग्रांड प्रिक्स अवॉर्ड