भारतीय सिनेमा जगत के लिए आज का दिन काफी दुखभर रहा। भारतरत्न लता मंगेशकर ने आज सुबह 8 बजे 12 मिनट पर इस दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। इस एक खबर ने सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री को ही नहीं बल्कि पूरे देश को गम में डाल दिया। हर किसी ने लता मंगेशकर को नम आंखों से विदाई दी। सोशल मीडिया पर आम लोगों से लेकर तमाम दिग्गजों ने लता मंगेशकर को भावुक होकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान हर किसी ने स्वर कोकिला के शानदार काम की बात की। लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर लता मंगेशकर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहती हुई दिख रही हैं कि वह फिर से कभी लता मंगेशकर नहीं बनना चाहतीं।
दरअसल, लता मंगेशकर के निधन के बाद सोशल मीडिया उनके इंटरव्यू का एक छोटा सा क्लिप तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्वर कोकिला अपनी तकलीफों के बारे में बात करती हुई दिख रही हैं। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि लता जी से सवाल पूछा गया कि अगर उन्हें अगला जन्म मिलता है तो क्या वह फिर से लता मंगेशकर बनाना चाहेंगीं? इस सवाल का जवाब देने से पहले लता मंगेशकर हंसती हैं और फिर मना कर देती हैं।
वह कहती हैं, ‘मुझसे पहले भी किसी ने ये सवाल पूछा था, तो आज भी मेरे पास वही जवाब है। न ही मिले तो अच्छा है। अगर वाकई जन्म मिले मुझे तो मैं लता मंगेशकर बनना नहीं चाहूंगी। क्योंकि लता मंगेशकर की जो तकलीफें हैं वो उसको ही पता है।’ लता मंगेशकर का ये वीडियो उनके एक फैन पेज द्वारा शेयर किया गया है।
बता दें कि लता मंगेशकर 8 जनवरी को कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थीं, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर स्वर कोकिला की तबीयत में सुधार जरूर आया था लेकिन शनिवार दोपहर को अचानक ही उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया। हालांकि, वह मौत से जंग नहीं जीत पाईं। रविवार सुबह उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।