एक-एक करके दिलवाले के कलाकार फिल्म से नाखुशी जाहिर कर रहे हैं और इसके नतीजे सामने दिखने लगे हैं। ताजा खबर है कि वरुण धवन ने निर्देशक रोहित शेट्टी की अगली फिल्म में काम करने से मना कर दिया है।
बीते साल के अंत में रिलीज हुई फिल्म दिलवाले की भारत में नाकामी से निर्देशक रोहित शेट्टी को सबसे ज्यादा झटके लगे हैं। कलाकार तो अपनी अगली फिल्मों के रास्तों पर बढ़ गए हैं मगर रोहित के साथ फिल्म की विफलता चिपक गई है। दिलवाले को दर्शकों द्वारा रिजेक्ट करने के बाद उनके भविष्य में अपनी फीस कम करने की खबरें पहले थीं।
अब ऐक्टरों के साथ उनके संग काम न करने के समाचार भी हैं। एक दौर था कि रोहित सफलता के रथ पर सवार थे और हर कलाकार उनकी फिल्म करना चाहता था लेकिन एक फिल्म के उम्मीदों से कम साबित होते ही सब बदल गया है। अपनी अगली महत्वाकांक्षी फिल्म राम-लखन के लिए हिट सितारे चुनना अब शेट्टी के लिए कठिन चुनौती बन गया है।