उन्होंने कहा कि बहुत कम लोग इस बारे में जानते हैं कि फिल्म रंगीला की डबिंग के वक्त जब मैंने आमिर खान की परफॉर्मेंस देखी तो मैं हैरान रह गई। तब मैंने उनको एक चिट्ठी लिखी और उसमें उनसे कहा कि इस फिल्म में उनके अभिनय को देखने के बाद बहुत से लोगों का उनके पास खत आयेगा। उर्मिला ने कहा कि मैंने लैटर में आमिर को लिखा कि इस फिल्म के लिए आपको अवॉर्ड भी मिलेगा...यह आपके पहले प्रशंसक का खत है। बता दें कि इस फिल्म में अभिनय के लिए उस वक्त आमिर की काफी प्रशंसा हुई थी। उनको फिल्म समीक्षकों और दर्शकों का काफी प्यार मिला था। यहां तक की वो फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए बेस्ट एक्टर कैटिगिरी में मनोनित हुए थे। लेकिन, उनकी जगह उस वक्त शाहरुख खान को उनकी फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे के लिए बेस्ट एक्टर अवॉर्ड मिला था।
आपको बता दें कि फिल्म रंगीला के बाद निर्देशक राम गोपाल वर्मा और एक्टर आमिर खान के बीच मतभेद पैदा हो गये थे और दोनों के बीच दूरी आ गई थी। हाल ही में राम गोपाल वर्मा ने खुलासा किया कि यह गलतफहमी धोखे के कारण हुई थी। राम गोपाल वर्मा ने कहा कि आमिर जहां बहुत समर्पित, भावुक और धैर्यवान किस्म के इंसान हैं। वहीं, वह आवेगी भी हैं, जो बिना सोचे समझे काम कर देते हैं। राम गोपाल वर्मा ने कहा, 'मेरे द्वारा आमिर खान को लेकर कही बातों को मीडिया रिपोर्ट्स में गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद आमिर ने मुझसे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो पाई थी तो उन्होंने सोचा कि मैं जानबूझकर उनसे बात नहीं कर रहा हूं।' राम गोपाल वर्मा ने कहा, मैं जब आमिर खान से मिला, मैनें उन्हें बताया कि जो उन्होंने सुना, वो मैंने नहीं कहा था। मेरा बात का मतलब वो नहीं था, जो खबर में बताया गया है। हालांकि, आमिर खान को लगा कि मैंने उनके साथ धोखा किया है और वो मेरी गलती थी।