सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'टाइगर 3' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म की तीसरी किस्त का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दर्शक एक बार फिर 'टाइगर' और 'जोया' को एक साथ देखने के लिए उत्सुक हैं। फैंस ने 'पठान' में सलमान को 'टाइगर' के रूप में कैमियो करते हुए देखा था, तब से उनकी उत्सुकता सातवें आसमान पर पहुंच गई है। तो वहीं, सलमान खान और अरिजीत सिंह के बीच पैचअप की खबरें पिछले कुछ समय से वायरल हो रही थीं। इसकी वजह थी अरिजीत का सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में स्पॉट होना और इन खबरों पर अब खुद सलमान खान ने ही मुहर लगा दी है।
सलमान पर फिल्माए इस गाने को जल्द ही रिलीज किया जाएगा जिसकी पहली झलक खुद एक्टर ने शेयर की है। सलमान खान ने सोशल मीडिया पर गाने की एक तस्वीर शेयर की है जिसमे सलमान और कैटरीना नजर आ रहे हैं वो भी पूरे स्वैग में। इस गाने का टाइटल है लेके प्रभू का नाम जिसे आवाज दी है अरिजीत सिंह ने। इस पोस्ट के कैप्शन में सलमान ने लिखा- ‘पहले गाने की पहली झलक। हैशटैग लेके प्रभू का नाम, ओ हां ये अरिजीत सिंह का पहला गाना मेरे लिए'। इसी के साथ सलमान ने ये भी बताया कि इसे 23 अक्टूबर को रिलीज किया जाएगा।