सीरियल के निर्माता असित कुमार मोदी ने इस तरह की रिपोर्ट्स पर हैरानी जताई है और काजल पिसल के नाम से वायरल हो रही खबर को गलत बताया है। उन्होंने कहा है कि वह भी नहीं जानते कि इस तरह की झूठी अफवाह कौन फैला रहा है। इतना ही नहीं, उन्होंने ये भी दावा किया कि वह अभिनेत्री काजल पिसल को जानते भी नहीं हैं और ना ही उनसे कभी मिले हैं।
निर्माता असित कुमार मोदी ने कहा कि इस तरह की अफवाह में कोई सच्चाई नहीं है। मुझे ये भी समझ नहीं आता कि ये खबरें कौन फैला रहा है और काजल पिसल कौन हैं, मुझे नहीं पता और मैं उनसे कभी मिला भी नहीं हूं। पहले भी कई अभिनेत्रियों के नामों की चर्चा हुई जिनके बारे में मैं नहीं जानता था। बता दें कि सामने आई रिपोर्ट में दावा किया गया था कि मेकर्स काजल पिसल के नाम पर विचार कर रहे हैं। अगर काजल का नाम फाइनल होता है तो वह अगले महीने से शूटिंग शुरू कर सकती हैं।
असित मोदी ने आखिर में ये भी कहा कि अभी तक दयाबेन के किरदार के लिए किसी भी अभिनेत्री का नाम फाइनल नहीं हुआ है। ऑडिशन जारी है और हमने किसी का नाम अब तक तय नहीं किया है। जब दया की कास्टिंग पूरी हो जाएगी तब हम खुद आधिकारिक एलान के साथ यह खबर सामने रखेंगे।