बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान अपनी ऑनस्क्रीन मां रीमा लागू को इंडियन फिल्म अवॉर्ड्स (आईफा) में श्रद्धांजलि देते नजर आएंगे। सलमान ने कई फिल्मों में उनके बेटे का किरदार निभाया है।
18 मई को कार्डियक अरेस्ट की वजह से रीमा लागू का 59 साल की उम्र में देहांत हो गया। रीमा लागू सलमान के साथ 'साजन', 'मैंने प्यार किया', 'हम आपके हैं कौन', 'हम साथ-साथ हैं' और 'कुछ-कुछ होता है' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। इनमें से कुछ में उन्होंने सलमान की मां तो कुछ में सास का किरदार निभाया था।
इस बारे में सलमान का कहना है, 'रीमा जी ने कई फिल्मों में मेरी मां का किरदार निभाया है। सबसे पहले 'मैंने प्यार किया' में वो मेरी मां बनी थीं। ऑफ-स्क्रीन हम दोस्त की तरह रहते थे। वो बहुत ही अच्छी इंसान थीं, ऐसा लगता है कि मैंने अपनी ऑनस्क्रीन मां को खो दिया है।'
इसके बाद आईफा के अधिकारियों भी पुष्टि करते हुए कहा है, 'हम अपने परफॉर्मेंस में कुछ पल रीमा लागू जी की याद में समर्पित करेंगे।' आईफा अवॉर्ड्स समारोह 15 जुलाई को न्यूयॉर्क में होगा। बता दें कि इसे करण जौहर होस्ट करेंगे।