'तड़प-तड़प' कर जब दिल से आह निकली तो उनका नाम हिंदुस्तान के हर शख्स के दिल-ओ-दिमाग में छा गया। इसके बाद पूरी दुनिया ने कहा कि 'तू जो मिला' तो 'दिल इबादत' करने लगा और हर किसी के 'लबों को' उनके नाम का तसव्वुर होने लगा। बात हो रही है मशहूर सिंगर केके उर्फ कृष्णकुमार कुन्नथ की, जिनके गाने न सिर्फ हर दिल अजीज हैं, बल्कि हर किसी को सुकून भी देते हैं। वही, केके अब हमें अलविदा कह गए हैं। कोलकाता में मंगलवार (31 मई) को कॉन्सर्ट के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बॉलीवुड उनकी आवाज और गानों को कभी भुला नहीं पाएगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान भी केके की आवाज का दीवाना है। यहां तक कि पाकिस्तान के एक शो में केके की आवाज भी गूंज चुकी है। इस रिपोर्ट में हम आपको केके के पाकिस्तान कनेक्शन और छोटे पर्दे से उनके रिश्ते की जानकारी दे रहे हैं।