भारत में असहिष्णुता बढ़ने की बात पर मचा बवाल
साल 2015 में शाहरुख खान ने एक इंटरव्यू में कुछ ऐसा कहा, जिस पर जमकर बवाल हुआ और उनकी आलोचना हुई। एक इंटरव्यू के दौरान शाहरुख खान ने कथित तौर पर कहा था कि देश में असहिष्णुता बढ़ रही है। उस समय भारत में पुरस्कार वापसी का दौर चल रहा था। तब शाहरुख खान ने भी एक इंटरव्यू में कहा था कि 'धार्मिक असहिष्णुता और सेक्युलर न होना, यह सबसे बुरा अपराध है जो आप एक देशभक्त के तौर पर कर सकते हैं'। जब उनसे पूछा गया कि क्या असहिष्णुता है, तो उन्होंने कहा था, 'मुझे लगता है कि असहिष्णुता है, बहुत ज्यादा असहिष्णुता है'।
यह खबर भी पढ़ें: Shahrukh Khan: 'उसका प्रेम पाकिस्तान से बहुत है...', बिना नाम लिए देवकीनंदन ने साधा शाहरुख पर निशाना
जब पाकिस्तान में बसने का मिला ऑफर!
इससे पहले साल 2013 में शाहरुख ने एक मैगजीन में 'बींग ए खान' नाम से आर्टिकल लिखा था। इसमें कथित तौर पर उन्होंने जिक्र किया था कि 'कभी-कभी मैं अनजाने में उन राजनीतिक नेताओं का निशाना बन जाता हूं, जो मुझे उन सभी चीजों का प्रतीक बनाते हैं, जो उन्हें भारत में मुसलमानों के बारे में गलत और देशद्रोही लगती हैं'। इस आर्टिकल के बाद लश्कर-ए-तैयबा के मुखिया हाफिज सईद ने बयान दिया कि यदि शाहरुख 'भारत में असुरक्षित महसूस करते हैं' तो वे पाकिस्तान आकर बस सकते हैं। पाकिस्तान से जब इस तरह का ऑफर आया, तब उन्होंने कहा कि आर्टिकल में कहीं भी ऐसा नहीं कहा गया या इशारा किया गया कि मैं भारत में असुरक्षित या दुखी महसूस करता हूं। हम भारत में बहुत सुरक्षित और खुश हैं'।
पाकिस्तानी खिलाड़ी के प्रति दिखाई सहानुभूति
यह विवाद साल 2010 का है। दरअसल, इससे दो वर्ष पहले, साल 2008 में भारत में मुंबई आतंकी हमला हुआ था। इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्ते में खटास आ गई थी। देश में आईपीएल के तीसरे सीजन को लेकर भी तैयारी चल रही थी। उस समय पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड चैंपियन थी, लेकिन राजनीतिक तनाव के कारण आईपीएल की किसी भी फ्रेंचाइजी ने एक भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को नहीं खरीदा। कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान ने एक इंटरव्यू में यह कह दिया कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों का लीग में न होना 'दुर्भाग्यपूर्ण' है। खेल को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए और पाकिस्तानी खिलाड़ी दुनिया के बेहतरीन टी-20 खिलाड़ी हैं, इसलिए उन्हें मौका मिलना चाहिए था। उनकी इस टिप्पणी पर काफी विवाद हुआ था। इसी दौरान एक्टर की फिल्म 'माई नेम इज खान' रिलीज हो रही थी, जिस पर खूब बवाल हुआ। जगह-जगह सिनेमाघरों में फिल्म के पोस्टर फाड़े गए। शिवसेना ने कहा था कि शाहरुख खान माफी मांगे। मगर, किंग खान ने माफी से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि मैंने कुछ भी गलत नहीं कहा है, इसलिए माफी नहीं मांगूंगा। मुझे अपनी देशभक्ति साबित करने की जरूरत नहीं है'।
शिरीष कुंदर को जड़ा था थप्पड़
शाहरुख खान, फिल्म निर्माता शिरीष कुंदर के साथ अपने झगड़े को लेकर भी खूब विवादों में रहे। रिपोर्टस के मुतबाकि, संजय दत्त की पार्टी में लड़ाई के दौरान शाहरुख खान ने शिरीष कुंदर का थप्पड़ जड़ दिया था। संजय दत्त को दोनों के इस झगड़े के बीच में आना पड़ा। बता दें कि शिरीष कुंदर, कोरियोग्राफर फराह खान के पति हैं।
सुरक्षाकर्मियों से हुआ था झगड़ा, स्टेडियम में एंट्री पर लगा बैन
शाहरुख खान पर वानखेड़े स्टेडियम में सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई करने का आरोप भी लगा था। साल 2012 में इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान शाहरुख खान का यह झगड़ा हो गया था। इसके बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने पांच साल तक शाहरुख खान का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया था।
शाहरुख खान-मुस्तफिजुर रहमान
- फोटो : एक्स
क्या है पूरा आईपीएल विवाद
अब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल नीलामी में खरीदने पर शाहरुख खान विवादों में हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 16 दिसंबर 2025 को अबुधाबी में आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी में मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में लेने पर केकेआर और उसके मालिक बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की जमकर आलोचना की गई थी। इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) भी सामने आया और आखिरकार उसने केकेआर से मुस्तफिजुर को रिलीज करने कहा।